दिल्ली से बस के जरिए मंगाई गई थी शराब
पुलिस के मुताबिक, शराब की खेप दिल्ली से बस के माध्यम से मोतिहारी मंगाई गई थी. तस्करी के लिए कॉपियों के बंडल को इस तरह तैयार किया गया था कि सामान्य जांच में उसमें शराब होने का संदेह न हो. बड़ी कॉपियों के बीच के हिस्से को काटकर खाली जगह बनाई गई और उसमें शराब की बोतलें रखने के बाद ऊपर और नीचे से कॉपियों के पन्नों से ढककर पैकिंग की गई थी. मोतिहारी सदर-1 के एसडीपीओ दिलीप कुमार को इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की. जांच के दौरान संदिग्ध कॉपी के बंडलों को खोला गया तो उनके अंदर शराब की बोतलें मिलीं.
51 लीटर विदेशी शराब बरामद
पुलिस की कार्रवाई में कुल 286 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल मात्रा करीब 51 लीटर बताई गई है. मौके से पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के रहने वाले रमन उर्फ रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम इससे पहले भी शराब से जुड़े एक मामले में सामने आ चुका है. उसके खिलाफ सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना में वर्ष 2024 में शराब से संबंधित मामला दर्ज होने की बात कही गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली से बिहार तक शराब पहुंचाने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही शराब की खेप कहां से भेजी गई और मोतिहारी पहुंचने के बाद इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है.
