भागलपुर-कटिहार रेलखंड पर स्पेशल ट्रेन की सौगात,सीएम सम्राट ने प्रधानमंत्री-रेल मंत्री का जताया आभार

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 15, 2026

:भागलपुर-कटिहार रेलखंड पर स्पेशल ट्रेन के परिचालन से इस रूट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को एक बड़ी राहत मिली है. त्योहार के समय केंद्र सरकार ने लोगों के दर्द को समझा और स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है

पटना:भागलपुर-कटिहार रेलखंड पर स्पेशल ट्रेन के परिचालन से इस रूट पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को एक बड़ी राहत मिली है. त्योहार के समय केंद्र सरकार ने लोगों के दर्द को समझा और स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है. जिससे यात्रा सुगम तरीके से सम्पन्न हो सके. स्पेशल ट्रेन से अन्य ट्रेनों पर भी भार कम होगा. यात्रियों को आसानी से सीट मिल सकेगी.ट्रेन की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव का बिहार की जनता की ओर से आभार जताया है.        

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस पहल से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी. सीमांचल और अंग क्षेत्र के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा.लाखों यात्रियों के लिए ट्रेन एक वरदान के रूप में है.स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से भागलपुर, कटिहार, मुंगेर, खगड़िया और नौगछिया सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.  इससे यात्रियों का समय बचेगा और रेल यात्रा अधिक सुगम होगी.  खासकर पर्व-त्योहारों के दौरान अपने घर आने-जाने वाले लोगों को इन ट्रेनों से राहत मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.  बेहतर रेल संपर्क से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को लाभ पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है.  राज्य सरकार भी रेल नेटवर्क के विस्तार, आधुनिकीकरण और आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आशा व्यक्त की कि बिहार में रेल सुविधाओं के निरंतर विस्तार से राज्य के विकास को नई गति मिलेगी और आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी.