बिहार में हथियार के साथ महिला सिपाही ने बनाया रील,एसपी ने देखते ही किया सस्पेन्ड

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 29, 2026

पश्चिम चंपारण के साठी थाना में तैनात एक महिला सिपाही को सरकारी हथियार के साथ सिविल ड्रेस में सोशल मीडिया वीडियो बनाना भारी पड़ गया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के संज्ञान में पहुंचा. 

बेतिया (BETTIAH): पश्चिम चंपारण के साठी थाना में तैनात एक महिला सिपाही को सरकारी हथियार के साथ सिविल ड्रेस में सोशल मीडिया वीडियो बनाना भारी पड़ गया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के संज्ञान में पहुंचा. एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए. जांच रिपोर्ट के आधार पर महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

मामला 26 सितंबर 2026 का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर साठी थाना की महिला सिपाही का सरकारी हथियार के साथ सिविल ड्रेस में वीडियो सामने आया था. वीडियो की जानकारी मिलते ही एसपी कुमार गौतम ने पुलिस उपाधीक्षक यातायात के नेतृत्व में जांच टीम गठित की. जांच के दौरान पाया गया कि महिला सिपाही ने बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना की ओर से सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर जारी SOP में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया.

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया. इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश भी दिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर पुलिसकर्मियों के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है.

पुलिसकर्मियों को नियमों का पालन करने की हिदायत
पश्चिम चंपारण पुलिस ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सोशल मीडिया से संबंधित विभागीय दिशा-निर्देशों और SOP का सख्ती से पालन करने को कहा है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के इस्तेमाल में लापरवाही या विभागीय नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.