BIG BREAKING: बिहार दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द,BPSC ने जारी किया सूचना

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • September 23, 2026

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दरोगा भर्ती से जुड़ी मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है. विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत आयोजित यह परीक्षा 27 मई 2026 को दो पालियों में हुई थी.

पटना (PATNA): बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दरोगा भर्ती से जुड़ी मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है. विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत आयोजित यह परीक्षा 27 मई 2026 को दो पालियों में हुई थी. आयोग ने परीक्षा रद्द करने की वजह केवल “अपरिहार्य कारण” बताई है. हालांकि, नई परीक्षा तिथि को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 27 मई को आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा अब मान्य नहीं होगी. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को अब नए शेड्यूल का इंतजार करना होगा. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीख तय होने के बाद इसकी जानकारी अलग से आधिकारिक सूचना के जरिए दी जाएगी.

फिलहाल बिहार पुलिस दरोगा मुख्य लिखित परीक्षा की नई तारीख सामने नहीं आई है. आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी अपडेट के लिए केवल BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर भरोसा करें. नई तारीख और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी भी वहीं उपलब्ध कराई जाएगी.

परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच नई तारीख को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो सकती हैं. इसे देखते हुए आयोग ने उम्मीदवारों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है. आयोग ने कहा है कि असामाजिक तत्वों की ओर से फैलाई जाने वाली किसी भी गलत सूचना पर ध्यान न दें. अभ्यर्थियों को दलालों से भी सावधान रहने की सलाह दी गई है. किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को देने को कहा गया है.

मुख्य लिखित परीक्षा रद्द किए जाने के बाद अब अभ्यर्थियों को आयोग की अगली सूचना का इंतजार करना होगा. जब तक नई तारीख घोषित नहीं होती, परीक्षा से संबंधित किसी भी दावे या जानकारी को आधिकारिक पुष्टि के बिना सही नहीं माना जाना चाहिए. अभ्यर्थी BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट और आयोग की ओर से जारी नोटिस पर नजर बनाए रखें, ताकि नई परीक्षा तारीख या अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी समय पर मिल सके.