बेगूसराय (BEGUSARAI) : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में करीब 15 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद झड़प में बदल गया. इस दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी और फायरिंग हुई, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
कहासुनी पत्थरबाजी में हुई तब्दील
स्थानीय लोगों के अनुसार, बड़ी संख्या में हथियारबंद लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे. इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई. देखते ही देखते कई राउंड गोलियां चलने लगीं. फायरिंग में चार लोगों को गोली लगी, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
लोगों ने साहस दिखाते हुए किया विरोध
ग्रामीणों का कहना है कि हमलावर काफी देर तक फायरिंग करते रहे. इसके बाद गांव के लोगों ने साहस दिखाते हुए पथराव कर उनका विरोध किया. स्थिति बिगड़ती देख हमलावर अपनी कई मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए. ग्रामीणों ने कुछ लोगों को पकड़ने की कोशिश भी की लेकिन वे भागने में सफल रहे.
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार और डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर दी.घटनास्थल से दर्जनों मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं.
फायरिंग में चार लोग घायल,तफ्तीश जारी
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. फायरिंग में चार लोग घायल हुए हैं और सभी का इलाज चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रखा गया है.
