जहानाबाद में चोरी की कोशिश, भागने के दौरान बालकनी से गिरा संदिग्ध,लोगों ने पकड़ा

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 12, 2026

नगर थाना क्षेत्र के लोक नगर मोहल्ले में चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है. रविवार को स्वयंवर मैरिज हॉल में बिजली के तार चोरी करने की कोशिश के दौरान एक संदिग्ध को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. मैरिज हॉल के मालिक लक्ष्मण साहू  के अनुसार, कुछ दिन पहले भी उनके प्रतिष्ठान में बिजली के तार काटने की घटना हुई थी.

जहानाबाद. नगर थाना क्षेत्र के लोक नगर मोहल्ले में चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है. रविवार को स्वयंवर मैरिज हॉल में बिजली के तार चोरी करने की कोशिश के दौरान एक संदिग्ध को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. मैरिज हॉल के मालिक लक्ष्मण साहू  के अनुसार, कुछ दिन पहले भी उनके प्रतिष्ठान में बिजली के तार काटने की घटना हुई थी.

 जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम स्वयंवर मैरिज हॉल के मालिक लक्ष्मण साहू  रोज की तरह अपने प्रतिष्ठान का जायजा लेने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्हें कुछ आवाज सुनाई दी. आवाज की ओर ध्यान देने पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया. लोगों के पहुंचने पर एक संदिग्ध भागने लगा. बताया जाता है कि वह एक छत से दूसरी छत पर होते हुए भागने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और उसे पकड़ने की कोशिश की. भागने के दौरान संदिग्ध बालकनी से नीचे गिर पड़ा, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया.

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस दौरान एक महिला ने भी उसे पकड़ने का प्रयास किया. महिला का कहना है कि संदिग्ध ने उनके साथ हाथापाई की और उन्हें दांत काटकर घायल कर दिया. हालांकि, महिला के साथ हुई घटना और अन्य संबंधित आरोपों की पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस और मोबाइल टाइगर की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई. मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि लोक नगर में दुकानों, घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं. बिजली के तारों को निशाना बनाए जाने से दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों में चिंता है. लोगों को आशंका है कि इस तरह की घटनाओं में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

कुछ स्थानीय लोगों ने पकड़े गए संदिग्ध के पास से तेज धार वाला चाकू मिलने की बात भी कही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए इस संबंध में पुलिस की पुष्टि और जांच के निष्कर्ष का इंतजार है.

पूजा-पर्व को लेकर सुरक्षा की मांग

आगामी पूजा-पर्व को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मोहल्ले में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि त्योहार के दौरान लोग खरीदारी और घूमने के लिए घरों से बाहर निकलते हैं. कई परिवार दूसरे शहरों में भी जाते हैं, जिससे घर बंद रहते हैं. ऐसे में चोरी की घटनाओं की आशंका को लेकर लोग चिंतित हैं.

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल, पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.