बिहार में JDU के खिलाफ हुए अनंत,MLC चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी को दिया समर्थन

THENEWSPOST
THENEWSPOST

Digital News Desk • October 1, 2026

विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सियासी हलचल तेज हो गई है. जेडीयू के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को खुलकर समर्थन देने का ऐलान किया है.

पटना (PATNA):बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सियासी हलचल तेज हो गई है. जेडीयू के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को खुलकर समर्थन देने का ऐलान किया है. अनंत सिंह पहले भी अनुज सिंह के समर्थन की बात कह चुके हैं और अब उनके नामांकन के मौके पर भी साथ नजर आए.

हम सबको आशीर्वाद देंगे

अनंत सिंह ने कहा कि वह शुरू से ही अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं और आगे भी उनके साथ रहेंगे. नीरज कुमार के विरोध की वजह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब पार्टी का चुनाव हुआ था, तब नीरज कुमार ने चार बार उनका विरोध किया था, इसलिए अब वह भी उनका विरोध करेंगे.अनंत सिंह ने कहा, “बहुत सारे लोग आएंगे, साथ आएंगे और इनको जिताएंगे. हम सबको आशीर्वाद देंगे. जितने भी लोग आएंगे, उनके खाने की व्यवस्था है.” उन्होंने कहा कि वह अनुज सिंह के नामांकन में शामिल होने आए हैं. नामांकन के अंदर नहीं जाएंगे, बल्कि बाहर रहेंगे और इसके बाद भी अनुज सिंह के समर्थन में उनके साथ निकलेंगे.

अनंत सिंह ने किया दावा

चुनाव में जीत को लेकर अनंत सिंह ने दावा किया कि “हमारा कैंडिडेट जीतेगा, इनको हम जिताएंगे और सामने वाले को हराएंगे. हर हाल में जीत सुनिश्चित है.” उन्होंने यह भी कहा कि आज नामांकन है और पूरे बिहार से लोग यहां पहुंचे हैं.अनंत सिंह ने कहा कि यह किसी एक पार्टी का चुनाव नहीं है, बल्कि सभी अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, अनुज सिंह पर लगे आरोपों को लेकर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने कहा, “किस पर आरोप नहीं रहता है? जनता मालिक है, वही जिताती है. इनको भी जिताएगी.”

पटना स्नातक सीट पर जेडीयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जनसुराज ने डॉ. अनुज सिंह को मैदान में उतारा है. ऐसे में अनंत सिंह का अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ खुलकर अनुज सिंह के समर्थन में उतरना चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है.