टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसा प्रेम प्रसंग सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. यहां एक युवक और उसकी रिश्ते में लगने वाली मौसी के बीच लंबे समय से चल रहे प्रेम संबंध का खुलासा उस वक्त हुआ, जब दोनों को परिवार के लोगों ने एक साथ देख लिया. मामला इतना बढ़ गया कि पहले दोनों की जमकर फटकार और पिटाई हुई, फिर ग्रामीणों की मौजूदगी में मंदिर में उनकी शादी करा दी गई.
जानकारी के अनुसार, मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है. बताया जा रहा है कि युवक गोलू महतो और युवती ममता कुमारी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते थे और रिश्तेदारी की वजह से अक्सर मिलते-जुलते भी थे. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया. ममता कुमारी स्थानीय निवासी जगलाल महतो की बेटी हैं, जबकि गोलू महतो उनकी बड़ी बेटी का बेटा है. इस रिश्ते से ममता, गोलू की सगी मौसी लगती हैं. परिवार और गांव के लोग दोनों पर कभी शक नहीं करते थे, क्योंकि उनका मिलना-जुलना रिश्तेदारी का हिस्सा माना जाता था.
बताया जाता है कि हाल ही में गोलू अपनी प्रेमिका ममता से मिलने उसके घर पहुंचा था. दोनों घर के एक कमरे में मौजूद थे, तभी अचानक ममता के पिता और गोलू के नाना की नजर उन पर पड़ गई. दोनों को एक साथ देखकर वे नाराज हो गए और हंगामा शुरू हो गया. शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना सामने आने के बाद दोनों को फटकार लगाई गई. इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों परिवारों और ग्रामीणों ने भाग लिया. पंचायत के दौरान युवक और युवती से उनकी इच्छा पूछी गई. दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई. इसके बाद आपसी सहमति से गांव के मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों का विवाह करा दिया गया.
शादी के बाद यह अनोखा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. गांव में लोग इस प्रेम कहानी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे प्रेम की जीत बता रहे हैं, तो कुछ रिश्तों की मर्यादा को लेकर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल दोनों की शादी का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसके बाद यह मामला जिले भर में चर्चा का केंद्र बन गया है.