काम की बात: घर के बाहर CCTV लगाने वालों के लिए जरूरी खबर, इंस्टाल के समय नहीं रखा इन बातों का ध्यान तो बढ़ जाएगी मुसीबत

काम की बात: घर के बाहर CCTV लगाने वालों के लिए जरूरी खबर, इंस्टाल के समय नहीं रखा इन बातों का ध्यान तो बढ़ जाएगी मुसीबत

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):आजकल के दौर में क्राइम इतना ज्यादा बढ़ गया है कि लोग अपने घर को सुरक्षित रखने के लिए घर के बाहर मेन गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगवाते हैं, ताकि आने-जाने वाले किसी भी व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. वहीं, कई लोग अपने घर में काम करने वाली मेड पर नजर रखने और चोरी से बचने के लिए घर के अंदर भी कैमरे लगाते है. कैमरा लगाने से आपके घर, परिवार और समाज की सुरक्षा होती है, इसमें कोई गुनाह नहीं है.लेकिन कैमरा लगवाने के लिए भी कई नियम तय किए गए हैं, जिनका पालन करना जरूरी है. सीसीटीवी इंस्टॉल करते समय अगर आपने कुछ बातों का ध्यान नहीं दिया, तो आगे चलकर आपको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.आइए जानते हैं कि वे जरूरी बातें क्या है.

पड़ोसियों की निजता का ध्यान रखना पहली प्राथमिकता

सीसीटीवी कैमरा अपने सामान, परिवार और घर की सुरक्षा के लिए लगाया जाता है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे किसी की पर्सनल लाइफ प्रभावित नहीं होनी चाहिए. यानी दूसरे की प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखना जरूरी है.सीसीटीवी इंस्टॉल करते समय उसके एंगल का खास ध्यान रखना चाहिए. जब भी आप कैमरा लगवाएं, तो उसका फोकस सिर्फ आपके घर या आपकी संपत्ति पर होना चाहिए.उदाहरण के लिए, अगर आपके घर के बाहर कोई गाड़ी खड़ी है तो कैमरे का फोकस सिर्फ उसी क्षेत्र तक सीमित होना चाहिए. कैमरे का एंगल गलती से भी आपके पड़ोसी के गेट, दरवाजे या खिड़की की ओर नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे उनकी निजी जिंदगी प्रभावित हो सकती है.ऐसी स्थिति में आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है.

गलती से भी पड़ोस के घर दरवाज़े पर ना हो कैमरे का फोकस

यानि अगर आपने गलती से भी अपने कैमरे का फोकस पड़ोसी के दरवाजे या खिड़की की ओर कर दिया और उनकी कोई निजी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई, तो यह पूरी तरह गलत माना जाएगा. ऐसा करने पर कार्रवाई हो सकती है, क्योंकि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत हर व्यक्ति को निजता का अधिकार प्राप्त हैऐसे मामलों में यदि मामला गंभीर पाया जाता है, तो जेल और जुर्माना दोनों का प्रावधान हो सकता है। इसलिए भूलकर भी कैमरे का एंगल गलत दिशा में नहीं रखना चाहिए.

दोषी पाए जाने पर हो सकती है जेल और जुर्माने की सजा

आज के डिजिटल युग में रोजाना नई-नई तकनीकें आ रही है. पहले सीसीटीवी कैमरे सिर्फ वीडियो रिकॉर्ड करते थे, लेकिन अब कई कैमरों में वॉयस रिकॉर्डिंग भी होता है. ऐसे में अगर आपका कैमरा पड़ोस में रहने वाले लोगों की निजी बातचीत भी रिकॉर्ड कर रहा है, तो यह भी उनकी निजता का उल्लंघन माना जाएगा. इसलिए चाहे आप अपने घर, दुकान या किसी अन्य जगह पर सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉल करा रहे हों, इन बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. सीसीटीवी लगाने का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा होना चाहिए, न कि किसी दूसरे की निजता का हनन करना. यदि आपके कैमरे की रेंज में पड़ोसी का घर भी आता है, तो बेहतर होगा कि पहले उनसे लिखित में NOC या सहमति ले लें.