टीएनपी डेस्क (TNP DESK):आए दिन हम किसी न किसी को रेलवे स्टेशन छोड़ने या लेने जरूर जाते है. ऐसे में प्लेटफॉर्म टिकट लेने की टेंशन सबसे ज्यादा रहती है, क्योंकि उसे लेने के लिए आपको लाइन में लगना होता है. जिसकी वजह से कई बार हमारे परिवार का कोई सदस्य अगर कहीं जा रहा होता है, तो हम इस डर से उसे छोड़ने के लिए भी नहीं जाते हैं. लेकिन इसको लेकर अब रेलवे ने बड़ा ऐलान किया है. अब आपको प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए लंबी लाइनों की कतार में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी. अब इसे भी सामान्य टिकट की तरह ऑनलाइन बुक किया जा सकता है.
घर बैठे बुक कर सकते हैं टिकट
अब यूटीएस ऐप के जरिए जनरल टिकट के साथ प्लेटफॉर्म टिकट भी बुक किया जा सकता है. पहले मोबाइल लोकेशन से 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट बुक किया जा सकता था, लेकिन अब भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग की बाहरी सीमा को हटा दिया है. जिसकी वजह से अब किसी भी स्टेशन का टिकट कहीं से भी बुक किया जा सकता है. जियोफेंसिंग की आंतरिक सीमा में कोई बदलाव नहीं हुआ है. स्टेशन के बाहर से टिकट बुक किया जा सकता है.
ये रहा पूरा प्रोसेस
अब चलिए आपको पूरा स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस बता देते हैं. सबसे पहले आपको अपने स्मार्टफोन में प्ले स्टोर से यूटीएस ऐप डाउनलोड करना है. उसके बाद इसमें अपना नाम, मोबाइल नंबर और आईडी कार्ड जैसी जानकारी भरकर रजिस्टर करें. इसके बाद आपके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा, जिसे डालने के बाद आपका ऐप लॉगिन हो जाएगा. इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें. अब आपको प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट चुनना है और पेपरलेस टिकट के विकल्प पर जाना होगा. इसके बाद स्टेशन का नाम और यात्रियों की संख्या दर्ज करनी होगी. इतना करने के बाद Next पर क्लिक करें और Get Fare पर जाएं. इसके बाद यूपीआई, नेट बैंकिंग या कार्ड के जरिए भुगतान कर सकते हैं. भुगतान होने के बाद टिकट आपके ऐप में दिखाई देने लगेगा. डिजिटल टिकट बुकिंग पूरी होने के बाद आपका टिकट ऐप के My Booking सेक्शन में सेव हो जाता है.
अब लाइन में लगने की झंझट ख़तम
जब भी आप प्लेटफॉर्म में प्रवेश करेंगे, वहां जरूरत पड़ने पर आप इस डिजिटल टिकट को मोबाइल से दिखा सकते है. इससे काफी सुविधा होती है और समय की बचत भी होती है. साथ ही प्लेटफॉर्म टिकट आपको बड़ी आसानी से मिल जाता है. अब अगर आपके घर का कोई सदस्य रेलवे स्टेशन जा रहा है, तो आप उसे खुशी-खुशी छोड़ने जा सकते हैं और घर बैठे पहले से मोबाइल ऐप के जरिए प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं. इससे आपको आगे किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

