साड़ी नहीं मिली तो पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, कूकर से पति का कर दिया काम तमाम

साड़ी नहीं मिली तो पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, कूकर से पति का कर दिया काम तमाम

टीनपी डेस्क (TNP DESK):  कहते है पति-पत्नी का रिश्ता सात जन्मों का होता है. आमतौर पर ऐसा देखा जाता है कि एक पति अपनी पत्नी के लिए वो सबकुछ करता है जो भी पत्नी कि चाह होती है. वो चाहे अच्छा खाना हो या अच्छा पहनावा. और अक्सर पति-पत्नी के बीच नोक-झोंक होना आम माना जाता है. लेकिन ज़रा सोचिए, एक पत्नी अपने पति से डिमांड रखती है कि उसे एक सुन्दर सी साड़ी चाहिए लेकिन पति उसकी एक छोटी सी डिमांड को पूरा नहीं कर पाता है. आप सोच रहे होंगे तो क्या हो गया, हर घर में तो ऐसा होता ही है लेकिन नहीं! ज़रा सोचिए तब क्या हो जब एक छोटी सी नोक-झोंक बड़ी वारदात में बदल जाए?

दरअसल, महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर से ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साड़ी खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत पर खत्म हुआ. आरोप है कि पत्नी ने पहले प्रेशर कुकर से पति के सिर पर हमला किया और फिर उसका गला घोंट दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

साड़ी की मांग को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, बदलापुर के शिरगांव इलाके में रहने वाले हरिराम सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुनीता देवी अपने पति से साड़ी खरीदने की मांग कर रही थीं. फिर एक शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया.

प्रेशर कुकर से हमला, फिर गला घोंटने का आरोप

जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान सुनीता देवी ने कथित तौर पर प्रेशर कुकर से हरिराम सिंह के सिर पर कई वार किए. आरोप है कि इसके बाद उन्होंने उनका गला भी घोंट दिया. गंभीर चोटों के कारण हरिराम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के समय घर में दंपती का सात वर्षीय बेटा भी मौजूद था, जिसने पूरी घटना देखी.

सात साल के बेटे ने पड़ोसियों को दी जानकारी

घटना के बाद घबराया सात वर्षीय बच्चा घर से बाहर निकला और पड़ोसियों के पास पहुंचा. उसने रोते हुए घर में हुई घटना की जानकारी दी. बच्चे की बात सुनकर पड़ोसी तुरंत हरिराम सिंह के घर पहुंचे, जहां वह अचेत अवस्था में पड़े मिले. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला मामला

शुरुआती स्तर पर इस मौत को प्राकृतिक कारणों से हुई मौत बताने की कोशिश की गई थी. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और अन्य संदिग्ध परिस्थितियों का खुलासा होने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

आरोपी पत्नी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी पत्नी सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे केवल घरेलू विवाद था या कोई अन्य कारण भी सामने आता है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पड़ोसियों सहित अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.