पत्नी चीखती रही, तमाशबीन बने रहे लोग… फिर फरिश्ता बनकर पहुंचे यूपी पुलिस के सिपाही, देखिए VIDEO 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से यूपी पुलिस के एक जांबाज सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सिपाही सड़क पर अचानक गिर पड़े एक बुजुर्ग को सीपीआर (CPR) देता नजर आ रहा है

पत्नी चीखती रही, तमाशबीन बने रहे लोग… फिर फरिश्ता बनकर पहुंचे यूपी पुलिस के सिपाही, देखिए VIDEO
tnp desk : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से यूपी पुलिस के एक जांबाज सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सिपाही सड़क पर अचानक गिर पड़े एक बुजुर्ग को सीपीआर (CPR) देता नजर आ रहा है. सिपाही की सूझबूझ और तत्परता की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह सड़क पर गिर पड़े.

सड़क पर अचानक बिगड़ी बुजुर्ग की तबीयत

जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी के साथ बाजार से लौट रहे थे. इसी दौरान बीच सड़क पर उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह लड़खड़ाकर गिर पड़े. पति को इस हालत में देखकर उनकी पत्नी घबरा गईं और रोने-चिल्लाने लगीं. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसी बीच यूपी पुलिस के सिपाही संदीप यादव वहां पहुंचे. उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बुजुर्ग को सीपीआर देना शुरू किया.

UP Police won hearts..❤️ Giving CPR at the right time can save a life. This police officer proved it https://t.co/p7Y8iA02NO

— बघीरा 😺 (@LegalAdvisour) October 17, 2026

सिपाही संदीप यादव ने दिया CPR

बताया जा रहा है कि संदीप यादव लखनऊ की रहीमनगर पुलिस चौकी में तैनात हैं. उन्होंने बिना देर किए बुजुर्ग को सीपीआर दिया. कुछ देर तक सीपीआर देने के बाद बुजुर्ग के शरीर में हलचल दिखाई दी. इसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया.सिपाही की इस तत्परता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग संदीप यादव की सूझबूझ, साहस की तारीफ कर रहे हैं. 

किसी व्यक्ति को CPR कब दिया जाता है?

सीपीआर यानी कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन  एक इमरजेंसी प्रोसेस है. इसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब कोई व्यक्ति अचानक बेहोश हो जाए और सामान्य रूप से सांस न ले रहा हो या केवल हांफ रहा हो. ऐसी स्थिति में सीपीआर ब्लड सर्कुलेशन बनाए रखने में मदद करता है.अगर कोई व्यक्ति बेहोश है और सामान्य रूप से सांस नहीं ले रहा है तो तुरंत एंबुलेंस  को कॉल करें. 

हार्ट अटैक में CPR क्यों जरूरी होता है 

हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट अलग-अलग स्थितियां हैं. हार्ट अटैक में हृदय तक रक्त पहुंचाने वाली किसी धमनी में रुकावट आ जाती है जबकि कार्डियक अरेस्ट में हृदय प्रभावी ढंग से रक्त पंप करना बंद कर देता है. हार्ट अटैक के दौरान कुछ लोगों को कार्डियक अरेस्ट भी हो सकता है. ऐसी स्थिति में सीपीआर बेहद ज़रूरी होता है. यह मस्तिष्क और शरीर के दूसरे महत्वपूर्ण अंगों तक रक्त पहुंचाने में मदद करता है.