शर्मनाक! पति के लिए काम मांगने पहुंची महिला के साथ ग्राम प्रधान समेत चार ने किया दुष्कर्म, फिर वीडियो बनाकर....
फरह थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान प्रताप सिंह राणा उर्फ पप्पू समेत चार लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म और आपराधिक साजिश की एफआईआर दर्ज की गई है. पीड़िता ने वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महिलाओं की सुरक्षा आज भी हमारे समाज में एक गंभीर मुद्दा है जिसे लेकर हजारों दावे किये जाते हैं पर आज भी महिलाओं की आबरू पर कुछ लोग, इंसानियत की सारी हदें पार कर जाते हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां अपने पति के लिए काम मांगने पहुंची महिला से ग्राम प्रधान समेत चार लोगों ने दरिंदगी की है.
मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना फरह क्षेत्र के एक गांव का है जहां ग्राम प्रधान प्रताप सिंह राणा उर्फ पप्पू समेत चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 64(1) और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति के लिए नौकरी की मदद मांगने के दौरान उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया और वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया.
पीड़िता के अनुसार, वह चित्रा सिंह नगला गांव में ग्राम प्रधान प्रताप सिंह राणा के पास अपने पति के लिए काम मांगने गई थी. आरोप है कि प्रधान ने उसे अपने कार्यालय के कमरे में बैठाया. इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे शरबत पिलाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. पीड़िता का आरोप है कि बेहोशी की हालत में प्रताप सिंह, भगत सिंह और अन्य लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बना लिया.
वीडियो वायरल करने और बच्चों को मारने की धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि वीडियो के जरिए उसे लगातार धमकाया गया. आरोपियों ने वीडियो सार्वजनिक करने और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी. बदनामी और बच्चों की सुरक्षा के डर से वह लंबे समय तक किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी. पीड़िता के मुताबिक, 14 जनवरी 2024 से 14 जुलाई 2025 के बीच करीब 18 महीने तक उसे धमकाकर शोषण किया गया.
पुलिस में सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट पहुंची पीड़िता
पीड़िता का कहना है कि उसने 14 जुलाई 2026 और 10 अगस्त 2026 को पुलिस तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत दी थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. इसके बाद उसने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173(4) के तहत अदालत का रुख किया. कोर्ट के आदेश के बाद थाना फरह में एफआईआर संख्या 0383 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एफआईआर में ग्राम प्रधान प्रताप सिंह राणा उर्फ पप्पू, भगत सिंह, दिंगो और छीतर सिंह को नामजद किया गया है. पीड़िता ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मामले में आरोपों की जांच पुलिस कर रही है.