सास, ननद और देवर ने बहू के बांधे पैर, बाल पकड़ कर घसीटा, फिर वायरल वीडियो से पड़ोसी ने खोला ऐसा राज़....

एक लड़की जब शादी करके अपने नए घर यानी कि ससुराल आती है, तो उसकी आँखों में हजारों सपने होते हैं. वह सोचती है की ससुराल में भी उसे अपने मायके की तरह ही प्यार सम्मान और इज्जत देंगे.

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): एक लड़की जब शादी करके अपने नए घर यानी कि ससुराल आती है, तो उसकी आँखों में हजारों सपने होते हैं. वह सोचती है की ससुराल में भी उसे अपने मायके की तरह ही प्यार सम्मान और इज्जत देंगे. पर क्या हो जब बहु का यह सपना चकनाचूर हो जाए और उसी सास जिसे, बहु ने अपनी मां का दर्जा दिया था वही उसकी जान की दुश्मन बन जाए. इतना ही नहीं बहन जैसी ननद और छोटे भाई जैसा देवर भी उसपर ऐसी बर्बरता करने को उतारू हो जाए तो वह उस लड़की के पास आखिर क्या रास्ता बचेगा? बेशक यह बातें पढ़कर आपका दिल बैठ सा गया होगा पर जिस घटना की चर्चा यहां हम करने जा रहे हैं उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी भी रूह कांप जाएगी. 

मामला पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में करीब एक साल पहले हुई महिला की मौत के मामले से जुड़ा है जहां अब घटना का एक भयावह वीडियो सामने आया है. दरअसल 16 सितंबर 2025 को मनीषा देवी का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला था. उस समय इसे आत्महत्या माना गया था, लेकिन अब सामने आए एक वीडियो ने पूरे मामले पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में दो महिलाओं और एक पुरुष को मनीषा के साथ मारपीट करते देखा जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मृतका के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है.

सामने आए वीडियो में तीन लोग मनीषा के हाथ-पैर बांधते नजर आ रहे हैं. उसे जमीन पर पटकने के बाद उसके पैर साड़ी और हाथ रस्सी से बांधे जाते हैं. वीडियो में एक महिला उसके मुंह में पाइप डालती दिखाई देती है, जबकि एक पुरुष उसके साथ मारपीट करता नजर आता है. वीडियो में एक बच्चे की आवाज भी सुनाई देती है. वह कहता है, "आज मारकर आइएगा." वहीं मारपीट कर रही एक महिला यह कहते हुए सुनाई देती है कि "आज इसे मार देंगे, बिना मारे यहां से नहीं जाएंगे."

मृतका के भाई पूरण कुमार सिंह का दावा है कि वीडियो में मनीषा ने जो गुलाबी सलवार-सूट पहना है, मौत के समय भी उसके शरीर पर वही कपड़े थे. परिजनों का कहना है कि इससे वीडियो और महिला की मौत के बीच संबंध होने का संदेह गहरा गया है. पूरण के मुताबिक, वीडियो मनीषा के एक पड़ोसी ने बनाया था. घटना के बाद आरोपी पक्ष के डर से पड़ोसी ने वीडियो के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी. बाद में यह वीडियो व्हाट्सऐप के जरिए परिवार तक पहुंचा.

पूरण कुमार सिंह ने बताया कि 16 सितंबर 2025 की शाम पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी थी कि मनीषा ने आत्महत्या कर ली है. इसके बाद परिवार के लोग उसके घर पहुंचे और घटना की जानकारी मनीषा के पति को दी. भाई का कहना है कि घटना से एक दिन पहले ही उसकी मनीषा से बातचीत हुई थी और वह सामान्य थी. ऐसे में उसे यह समझ नहीं आया कि उसकी बहन आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाएगी. हालांकि, उस समय परिवार के पास हत्या का आरोप लगाने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं था, इसलिए थाने में शिकायत नहीं की गई.

करीब एक साल बाद वीडियो मिलने पर पूरण कुमार सिंह ने संग्रामपुर थाने में आवेदन दिया. इसमें पड़ोसी ऋतिक कुमार, नीतू कुमारी और किरण देवी को आरोपी बनाया गया है. भाई का आरोप है कि तीनों ने मिलकर मनीषा के साथ मारपीट की, उसके हाथ-पैर बांधे और उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस अब वीडियो की वास्तविकता और उसकी रिकॉर्डिंग के समय की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो कब बनाया गया था और उसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं. मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि वीडियो के आधार पर अगले एक-दो दिनों में कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जा रहा है. साथ ही संबंधित थाने की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी.