मां ये लोग मुझे मार डालेंगे! बॉयफ्रेंड संग होमस्टे गई युवती ने आधी रात मां को किया फोन...फिर जो हुआ, जानकार कांप जाएंगी रूह
गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की 22 वर्षीय छात्रा निमिषा ठाकुरिया की होमस्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): जरा सोचिए की आप रात की गहरी नींद लें रहीं हों और आधी रात को आपकी बेटी आपको फोन कर कहती है, मां, ये लोग मुझे मार डालेंगे.... और फोन कट जाता है. इन चंद शब्दों से आपकी रातों की नींद तो उड़ेगी ही साथ ही आप स्तब्ध भी हो जाएंगे. यह पढ़कर अगर आपको लग रहा है की यह किसी फिल्म की कहानी है, तो यह घटना कोई फिल्मी कहानी नहीं बल्कि वास्तव में हुई है.
दरअसल याह फोन गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की 22 वर्षीय छात्रा निमिषा ठाकुरिया ने अपनी मां को किया था जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. छात्रा आजारा के पास एक होमस्टे के कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस ने उसके साथ होमस्टे में ठहरे 26 वर्षीय आशिक अली और होमस्टे के मालिक जयंतसाकी को गिरफ्तार किया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, छात्रा की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. डीसीपी वेस्ट बोलिन देओरी ने बताया कि आशिक अली ने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि निमिषा ने छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. हालांकि, पुलिस ने कहा है कि इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस को छात्रा के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिसके बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.
रात में मां को फोन कर कही थी ये बात
परिजनों के अनुसार, निमिषा शाम करीब पांच बजे घर से निकली थी. उसने परिवार को बताया था कि वह रात में एक दोस्त के घर रुकेगी. हालांकि, आधी रात के आसपास उसने अपनी मां को फोन किया और कथित तौर पर कहा, “मां, ये लोग मुझे मार डालेंगे.” इसके बाद फोन कट गया और परिजनों को आशंका हुई कि किसी ने उसका मोबाइल छीन लिया है. घटना से परेशान निमिषा के माता-पिता आजारा पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी. उस समय थाने का सब-इंस्पेक्टर गश्त पर था. बाद में पुलिस परिजनों के साथ अस्पताल पहुंची, जहां छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया.
केयरटेकर ने बताई रात की पूरी घटना
होमस्टे के केयरटेकर ने पुलिस को बताया कि रात में उसने एक व्यक्ति की आवाज सुनी थी, जो किसी को उठने के लिए कह रहा था. उसने अपने दो साथियों को बुलाया और बाहर जाकर देखा, लेकिन उस समय कोई नजर नहीं आया. कुछ देर बाद होमस्टे के प्रवेश द्वार के पास उन्हें रोने की आवाज सुनाई दी. आवाज का पीछा करते हुए जब वे संबंधित कमरे के पास पहुंचे तो कथित तौर पर एक युवक को लड़की को पकड़े हुए देखा. लड़की फर्श पर पड़ी थी. केयरटेकर ने इसकी जानकारी होमस्टे के मालिकों को दी. इसके बाद मालिक मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलाकर छात्रा को अस्पताल भेजा गया.
पहले भी होमस्टे आ चुकी थी छात्रा
जांच में यह भी सामने आया है कि निमिषा और आशिक अली पहले भी इस होमस्टे में ठहर चुके थे. दोनों ने कमरा नंबर 10 बुक कराया था, लेकिन कमरा नंबर 9 खाली होने के कारण उसका भी इस्तेमाल किया गया था. पुलिस अब होमस्टे के मालिक, केयरटेकर और वहां काम करने वाले अन्य कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है. निमिषा का पोस्टमार्टम गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में कराया गया है. उसके पिता दीपज्योति ठाकुरिया ने बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है.