जेल DG का महिला जेलर पर आया दिल, पहले भेजे अश्लील मैसेज, फिर बुलाया होटल और....
जेल महानिदेशक (DG) सुशांत कुमार नाथ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. डीजी पद की दौड़ में शामिल वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह मामला चौद्वार सर्किल जेल की पूर्व महिला जेलर संतोषिनी की शिकायत पर दर्ज हुआ है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कहते हैं की कानून के रखवाले हमारी सुरक्षा के लिए हर वक़्त तैनात हैं पर जब वर्दी वालों की ऐसी करतूत सामने आने लगे तो सुरक्षा की उम्मीद किससे की जाएगी. ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां जेल के DG ने महिला जेलर के साथ शर्मनाक हरकत की है. जेल DG का महिला जेलर पर डील आ गया और उसके बाद DG साहब ने जेलर को अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए. पर DG की करतूत यहीं नहीं रुकी और उसने बेशर्मी की सारी हदें पार कर जेलर को 2 दिन होटल में बुलाया.
मामला जुड़ा है ओडिशा के जेल महानिदेशक (DG) सुशांत कुमार नाथ से जहां अब उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. ओडिशा पुलिस के डीजी पद की दौड़ में शामिल वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह मामला चौद्वार सर्किल जेल की पूर्व महिला जेलर संतोषिनी की शिकायत पर दर्ज हुआ है. वहीं, सोमवार को सरकार ने सुशांत कुमार नाथ का तबादला करते हुए उन्हें गृह विभाग में ओएसडी नियुक्त कर दिया.
महिला जेलर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जेल डीजी ने अपने करीबी मित्र कुलदीप रथ के जरिए उन्हें दो बार कटक के अलग-अलग होटलों में रात के समय अकेले मिलने के लिए बुलवाया था. दोनों बार प्रस्ताव ठुकराने के बाद उन्हें कथित तौर पर विभागीय कार्रवाई और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा.
दरअसल प्राथमिकी में दर्ज जानकारी के मुताबिक, 16 जून 2025 को जेल डीजी सुशांत कुमार नाथ चौद्वार सर्किल जेल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे. उस समय संतोषिनी छुट्टी पर थीं. 18 जुलाई को ड्यूटी पर लौटने के बाद जेल अधीक्षक के निर्देश पर उन्होंने डीजी से फोन पर संपर्क किया. बातचीत के दौरान नाथ ने बताया कि उनके मित्र कुलदीप रथ जेल का दौरा करने आएंगे और उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं.
आरोप है कि कुलदीप रथ जेल पहुंचे और निरीक्षण के बाद संतोषिनी के साथ तस्वीर खिंचवाई. बाद में उन्होंने उनका मोबाइल नंबर लेकर तस्वीर भेजी. महिला जेलर का दावा है कि तस्वीर के साथ कुलदीप ने अश्लील इशारों वाले संदेश भी भेजे थे. इसके बाद 29 अगस्त 2025 को कुलदीप रथ ने संतोषिनी को फोन कर कटक के ब्लास्ट रेस्टोरेंट में रात के खाने के लिए अकेले स्कूटी से आने को कहा. उन्होंने रेस्टोरेंट की लोकेशन भी भेजी. जब संतोषिनी ने वहां जाने से इनकार किया, तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि जेल डीजी सुशांत कुमार नाथ उनसे अकेले मुलाकात करना चाहते हैं. इसके बाद 25 सितंबर 2025 को कुलदीप ने दोबारा फोन किया और होटल प्रमोद में रात्रिभोज के लिए बुलाया. इस बार भी अकेले मिलने की बात सामने आने पर संतोषिनी ने प्रस्ताव ठुकरा दिया.
महिला जेलर ने आरोप लगाया है कि दोनों मुलाकातों से इनकार करने के बाद उन्हें निशाना बनाया जाने लगा. मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब चौद्वार सर्किल जेल से बिहार के दो कैदियों के फरार होने के मामले में जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राउल की अग्रिम जमानत ओडिशा हाईकोर्ट ने खारिज कर दी.
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद जेल डीजी ने किसी अन्य व्यक्ति के फोन से संतोषिनी से संपर्क किया और उन्हें अपने कार्यालय बुलाया. संतोषिनी का दावा है कि वह 7 और 8 सितंबर 2026 को डीजी कार्यालय पहुंची थीं. वहां सुशांत नाथ ने कथित तौर पर कहा कि उनके व्यवहार, कुलदीप के जरिए भेजे गए व्यक्तिगत मुलाकात के प्रस्ताव को ठुकराने और जेल अधीक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के कारण उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई है.
महिला जेलर ने आरोप लगाया है कि डीजी ने यह भी कहा कि अगर वह उनसे मिलने चली आतीं, तो उन्हें इस तरह की परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता. शिकायत में शारीरिक नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दिए जाने की बात भी कही गई है.
संतोषिनी के अनुसार, 8 सितंबर को डीजी कार्यालय से लौटने के बाद ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई. बाद में उनके विरुद्ध पांच अलग-अलग विभागीय कार्रवाइयां की गईं. उन्होंने इन कार्रवाइयों को कथित प्रताड़ना और दबाव बनाने की कोशिश से जोड़ते हुए शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है.