शुगर डैडी को भी मार डालूंगा...! सनकी पति ने पत्नी का किया ये हश्र, फिर भी नहीं रुकी हैवानियत और....
गुवाहाटी में रामानुज गोस्वामी पर पत्नी रिया की निर्मम हत्या का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के बाद शव को क्षत-विक्षत किया.
गुवाहाटी में रामानुज गोस्वामी पर पत्नी रिया की निर्मम हत्या का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के बाद शव को क्षत-विक्षत किया.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बीते दिनों मानवता को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई थी जिसने यह सोचने पर मजबूर कर दिया था कि क्या सचमुच कोई पति अपनी पत्नी के साथ ऐसी क्रूरता कर सकता है? पति, जिसने अपनी पत्नी के साथ सात जन्म तक साथ निभाने का वादा किया हो वह क्या इस हद तक गिर सकता है कि अपनी ही पत्नी के टुकड़े-टुकड़े कर डाले? सुनकर अजीब जरूर लगा होगा पर मामला सच है.

दरअसल असम की राजधानी गुवाहाटी के बसिष्ठापुर इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और उसके शव को क्षत-विक्षत कर दिया था. पुलिस ने मामले में आरोपी पति रामानुज गोस्वामी को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है. इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस के सामने यह भी कहा कि जेल से बाहर आने के बाद वह पत्नी से जुड़े एक कथित 'शुगर डैडी' को भी मार देगा.

क्या था मामला
पुलिस के मुताबिक, घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार के लोगों ने बार-बार फोन करने के बावजूद दंपती से संपर्क नहीं हो पाने की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद हाटीगांव थाना पुलिस की टीम रात करीब 9:45 बजे बसिष्ठापुर की लेन नंबर-4 स्थित हाउस नंबर-14 पहुंची. वहां पुलिस को कमरे के अंदर महिला का शव मिला, जबकि उसका सिर एक काले पॉलीथिन बैग में लपेटकर फ्रिज के भीतर रखा गया था. जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर खून के निशान और बिखरा हुआ सामान भी मिला. पुलिस के अनुसार, पीड़िता की कुछ उंगलियां भी कटी हुई मिलीं. वहीं घटना के बाद आरोपी पति ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया.

मामले में आरोपी ने धारदार हथियार 'दाओ' से पत्नी पर हमला किया था. पुलिस को जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल किए जाने का संदिग्ध हथियार भी बरामद हुआ है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का संदेह था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने पत्नी की हत्या कर दी. पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या को लेकर पछतावा नहीं होने की बात भी कही और उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर वह जेल से बाहर आया तो पत्नी के 'शुगर डैडी' को भी जान से मार देगा.

बताते चलें कि रामानुज और रिया की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी. दोनों अपार्टमेंट में साथ रहते थे और उनके बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है. रामानुज मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला है और पेशे से उबर ड्राइवर है. जिस जमीन पर अपार्टमेंट बना है, वह उसके पिता की बताई जा रही है. जमीन बिल्डर को दिए जाने के बाद समझौते के तहत परिवार को इस अपार्टमेंट में मकान मिला था. वहीं, रिया नूनमती इलाके की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट स्थित एक बुटीक में काम करती थी.