पति बना हैवान! पत्नी पर चढ़कर 20 मिनट तक कैंची से किया 179 बार वार, नहीं रुकी सनक और...
बिहार के आरा में घरेलू विवाद और चरित्र पर शक का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का उसके बड़े भाई से अवैध संबंध है. इसी शक में उसने पत्नी को बेरहमी से पीटा और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर कैंची से 179 से अधिक वार किए.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार के आरा में घरेलू विवाद और चरित्र पर शक का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का उसके बड़े भाई से अवैध संबंध है. इसी शक में उसने पत्नी को बेरहमी से पीटा और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर कैंची से 179 से अधिक वार किए. गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 48 घंटे बाद उसे होश आया. होश में आने के बाद पीड़िता ने अपने साथ हुई हैवानियत की पूरी कहानी बयां की.
पीड़िता राखी (26) के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2019 में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भकुरा गांव निवासी पंकज कुमार ठाकुर (30) से हुई थी. दोनों ने प्रेम विवाह किया था. उनके दो बच्चे हैं, जिनमें तीन साल का बेटा अभिराज और दो साल की बेटी परि शामिल हैं. राखी ने बताया कि शादी से पहले वर्ष 2018 में उसकी चचेरी बहन जूली की शादी पंकज के बड़े भाई राजू ठाकुर से हुई थी. शादी के बाद पंकज और उसके अन्य भाई अक्सर उनके घर आया करते थे. इसी दौरान राखी और पंकज के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने शादी कर ली.
राखी का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद उसके जन्मदिन की पार्टी में पंकज का भाई बंकू भी शामिल हुआ था. राखी उसे जीजा मानती थी. इसी नाते उसने मजाक में उसके गाल पर केक लगा दिया. लेकिन यह बात पंकज को नागवार गुजरी. उसने पत्नी को बंकू से बातचीत नहीं करने और उसे जीजा नहीं बुलाने तक की हिदायत दे दी. कुछ समय तक मामला शांत रहा, लेकिन बाद में पंकज पत्नी के चरित्र पर संदेह करने लगा. वह बार-बार राखी पर अपने बड़े जेठ बंकू के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाता था. राखी के मुताबिक, इन आरोपों के कारण घर में अक्सर झगड़े होते थे और पंकज उसके साथ मारपीट भी करने लगा था.
लगातार प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर राखी ने अपने पिता मनोज ठाकुर को पूरी बात बताई. पिता की सलाह पर वह 15 अक्टूबर को अपने दोनों बच्चों के साथ मायके जमीरा गांव चली गई. पीड़िता के अनुसार, घटना से करीब एक सप्ताह पहले पंकज उसे मनाने मायके पहुंचा था. उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए हाथ जोड़कर साथ चलने की गुहार लगाई. पति के बार-बार आग्रह करने पर राखी वापस ससुराल लौट आई. शुरुआती एक-दो दिन सब सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पंकज ने फिर से उसे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया.
राखी ने बताया कि घटना से एक दिन पहले पंकज ने उससे 200 रुपये लिए और नया सिम कार्ड खरीदा था. 28 अक्टूबर की रात करीब दो बजे वह नए सिम से मोबाइल चला रहा था. इसी दौरान अचानक पत्नी पर उसका मोबाइल हैक करवाने का आरोप लगाने लगा. राखी ने अपने ससुर को बुलाकर मोबाइल चेक करवाया, लेकिन फोन में कोई गड़बड़ी नहीं मिली. इसके बावजूद पंकज का गुस्सा शांत नहीं हुआ. कुछ देर बाद उसने कैंची उठाई और पत्नी की गर्दन पर हमला कर दिया. इसके बाद उसे जमीन पर पटककर सीने पर बैठ गया और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर लगातार वार करने लगा.
राखी के मुताबिक, पति ने उस पर इतनी बेरहमी से हमला किया कि वह करीब 20 मिनट तक दर्द से चिल्लाती रही. वह खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन शरीर में इतनी ताकत नहीं बची थी कि हमले का मुकाबला कर सके. उसके मुंह से खून निकलने लगा था और उसे लगने लगा था कि अब शायद वह जिंदा नहीं बच पाएगी. जब वह अधमरी हालत में पहुंच गई, तब उसके ससुर और जेठ बंकू वहां पहुंचे. दोनों उसे उठाकर अस्पताल ले गए. फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है. घटना के करीब 48 घंटे बाद उसे होश आया.
डॉक्टरों के अनुसार, राखी के शरीर पर कैंची से 179 से अधिक जगहों पर वार किए गए थे. उसकी पीठ, गर्दन के दोनों तरफ, दोनों हाथों, चेहरे के दोनों हिस्सों और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं. सर्जन डॉ. विकास सिंह के मुताबिक, पीड़िता की हालत गंभीर थी. करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन कर शरीर के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की गई.
पिता ने भी दामाद पर लगाए गंभीर आरोप
राखी के पिता मनोज ठाकुर ने आरोप लगाया कि पंकज का व्यवहार शुरू से ठीक नहीं था. शादी से पहले भी उसके कई लड़कियों से संबंध थे और शादी के बाद भी उसका अफेयर जारी रहा. उन्होंने बताया कि जब राखी गर्भवती थी, तब भी पंकज का गांव की एक लड़की से संबंध था. बेटी ने जब इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई.