प्रेमी ने निकाह से किया इनकार तो 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी प्रेमिका, पर्सनल चैट का प्रिंटआउट फेंककर मचाया हड़कंप, देखिए Video
प्रेमी से निकाह कराने की जिद में एक युवती करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. इतना ही नहीं, युवती ने टावर से अपने प्रेमी के साथ हुई बातचीत के प्रिंटआउट भी नीचे फेंकने शुरू कर दिए.
टीनपी डेस्क (TNP DESK): इंग्लिश में एक डायलॉग तो आपने सुना ही होगा, ‘Everything is fair in love and war’. यानी प्यार और जंग में सब कुछ जायज है. लेकिन प्यार में धोखा मिलने पर कोई इस हद तक भी जा सकता है, शायद इसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता. उत्तर प्रदेश से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां प्रेमी से निकाह कराने की जिद में एक युवती करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. इतना ही नहीं, युवती ने टावर से अपने प्रेमी के साथ हुई बातचीत के प्रिंटआउट भी नीचे फेंकने शुरू कर दिए. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और लोग इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाने लगे. कुछ ही देर में यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया. काफी देर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस के आश्वासन पर युवती सुरक्षित नीचे उतरी.
प्रेमी से निकाह की जिद में उठाया खतरनाक कदम
पूरा मामला कुशीनगर के जटहा बाजार थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, पड़रही गांव के एक युवक का पड़ोसी गांव की सजातीय युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच काफी समय से बातचीत और प्रेम संबंध थे. युवती युवक से निकाह करना चाहती थी, लेकिन युवक ने निकाह करने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और युवती ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया. इस मामले में युवक को जेल भी जाना पड़ा था. कुछ दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था.
टावर पर चढ़कर फेंकने लगी चैट के प्रिंटआउट
सोमवार को युवती अचानक पड़रही गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई. करीब 120 फीट ऊंचे टावर पर युवती को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. लोग युवती को नीचे उतरने के लिए समझाने लगे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही. इस दौरान युवती टावर से कागज के पर्चे फेंकती रही. बताया गया कि इन पर्चों में उसके और प्रेमी के बीच हुई बातचीत के प्रिंटआउट थे. युवती लगातार अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग कर रही थी.
पुलिस ने दिया निकाह का भरोसा, तब उतरी नीचे
घटना की सूचना मिलने पर जटहा बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने युवती को काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई. इसके बाद पुलिस ने लाउड स्पीकर से उसे बताया कि उसका प्रेमी थाने में मौजूद है. साथ ही पुलिस ने प्रेमी से निकाह कराने का आश्वासन भी दिया. इसके बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई. लगभग घंटों की मशक्कत के बाद वह सुरक्षित जमीन पर आ गई. पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने चली गई. थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर थाने लाया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. बाकी इस मामले ने एक बार फिर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.