SBI में कर्मचारियों पर फेंका मिर्च पाउडर और काउंटर से उड़ा दिए 4.53 लाख रुपये, CCTV में कैद वारदात
नागपुर में बैंक लूट की कोशिश में आरोपी ने कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंककर 4.53 लाख रुपये का कैश लूट लिया, लेकिन पुलिस ने कुछ ही मिनटों में उसे गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आपने एक से एक लूटपाट और चोरी के किस्से सुने होंगे. पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा जहां चोरी करने का अलग ही अंदाज देखने को मिला है. ऐसे में अलग-अलग सोशल मीडिया साइट्स पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जहां चोरों का आतंक एक नए अंदाज में देखने को मिला है. दरअसल इस बैंक में चोरों ने चोरी करने का एक नया तरीका अपनाया जहां उन्होंने बैंक कर्मचारियों की आँखों में लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया और कैश भरा बैग लेकर रफ़ूचक्कर हो गए.
मामला महाराष्ट्र के नागपुर में बैंक लूट का है जहां चोरों की कोशिश नाकाम रही. यहां बैंक का कामकाज खत्म होने के बाद एक आरोपी ने कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया और 4 लाख 53 हजार रुपये से भरा कैश बैग लेकर फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही मिनटों में बैंक के पास से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है. पूरी वारदात बैंक में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. यह मामला सक्करदरा थाना क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एक शाखा का है. आरोपी की पहचान सूरज बोरकर के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वारदात से पहले बैंक की रेकी की थी. उसे इस बात की जानकारी थी कि बैंक कर्मचारी ATM में कैश जमा करने वाले हैं.
बैंक का कामकाज खत्म होने के बाद आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधकर शाखा में दाखिल हुआ. इसके बाद उसने अचानक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया. मिर्च पाउडर पड़ते ही कर्मचारी परेशान हो गए और बैंक में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान आरोपी कर्मचारियों के हाथ से 4 लाख 53 हजार रुपये से भरा बैग लेकर बैंक से बाहर निकल गया. घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बैंक के आसपास आरोपी की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने बैंक से कुछ ही दूरी पर सूरज बोरकर को पकड़ लिया. उसके कब्जे से 4.53 लाख रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली गई.
CCTV में कैद वारदात बैंक में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में आरोपी बैंक परिसर में प्रवेश करता दिखाई देता है. इसके बाद वह अपने थैले से मिर्च पाउडर निकालकर बैंक कर्मचारियों की ओर फेंकता है. कर्मचारी खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं. इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी कैश से भरा बैग लेकर बाहर निकल जाता है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में बैंक की पहले से रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सूरज बोरकर ने वारदात को अकेले अंजाम दिया था या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था. फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.