पहले फ़ैन्सी रेस्टो में कराया डिनर, फिर प्रेमिका की पीट-पीटकर ले ली जान, रातभर शव के पास बैठ कर करता रहा....

शादी की तैयारी कर रहे प्रेमी जोड़े के बीच विवाद खूनी हो गया. आरोप है कि इंफोसिस में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम कालबांडे ने प्रेमिका कोमल डहाके की पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोपी रातभर शव के पास बैठा रहा और सुबह खुद पुलिस को फोन किया.

पहले फ़ैन्सी रेस्टो में कराया डिनर, फिर प्रेमिका की पीट-पीटकर ले ली जान, रातभर शव के पास बैठ कर करता रहा....

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कहते हैं कि प्यार का रिश्ता दुनिया के अनमोल रिश्तों में से एक होता है जहां खून का रिश्ता ना होने के बाद भी दो लोग एक दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खा लेते हैं. पर उसी प्यार के रिश्ते में कभी-कभी पार्टनर ऐसा खौफ़नाक रूप ले लेता है जो इंसान को हैवान बनने पर मजबूर कर देती है. ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पहले अपनी प्रेमिका को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा दिया. फिरभी उसकी हैवानियत नहीं रुकी और वह रातभर अपनी प्रेमिका ले शव के साथ बैठा रहा. 

मामला जुड़ा है महाराष्ट्र के पुणे स्थित आईटी हब हिंजवड़ी से, जहां शादी की तैयारी कर रहे एक प्रेमी जोड़े का रिश्ता खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया. आरोप है कि इंफोसिस में काम करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम ज्ञानेश्वर कालबांडे ने अपनी 27 वर्षीय प्रेमिका कोमल राजेंद्र डहाके की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी. दोनों के बीच दूसरी लड़की से अफेयर के शक को लेकर विवाद हुआ था. हत्या के बाद आरोपी पूरी रात प्रेमिका के शव के पास बैठा रहा और सुबह खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

मृतका की पहचान 27 वर्षीय कोमल राजेंद्र डहाके के रूप में हुई है. वह महाराष्ट्र के वर्धा की रहने वाली थी और पुणे की विप्रो कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करती थी. वहीं, आरोपी शुभम ज्ञानेश्वर कालबांडे बुलढाणा का रहने वाला है और इंफोसिस में कार्यरत है. दोनों पिछले करीब तीन साल से रिलेशनशिप में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे. उनके परिवारों को भी रिश्ते की जानकारी थी और दोनों की शादी के लिए सहमति मिल चुकी थी. लेकिन रिश्ते में शक और लगातार होने वाले विवाद ने सब कुछ बदल दिया.

वारदात पुणे के हिंजवड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सखारे वस्ती इलाके की है, जहां कोमल एक पीजी में रहती थी. पुलिस के मुताबिक, रविवार रात कोमल और शुभम साथ में डिनर करने के लिए एक होटल गए थे. खाना खाने के बाद दोनों वापस पीजी लौट आए. रात करीब साढ़े 12 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कोमल को शुभम पर दूसरी लड़की के साथ अफेयर होने का शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. रविवार और सोमवार की दरमियानी रात भी बहस बढ़ती गई और करीब तीन बजे मामला हिंसक हो गया.

आरोप है कि गुस्से में शुभम ने कोमल के सिर और गर्दन पर कई बार मुक्के मारे और लातों से भी हमला किया. गंभीर चोटों के कारण कोमल की मौत हो गई. इस वारदात के बाद आरोपी पूरी रात उसके शव के पास बैठा रहा. सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उसने खुद पुलिस को फोन किया और एंबुलेंस भेजने की मांग की. सूचना मिलते ही हिंजवड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और कोमल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी शुभम को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया.

हिंजवड़ी पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच अधिकारी बालाजी पांढरे के मुताबिक, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उस रात विवाद किस बात से शुरू हुआ और किस परिस्थिति में मामला हत्या तक पहुंच गया. शादी के लिए दोनों परिवारों की सहमति मिलने के बावजूद शक और विवाद ने एक रिश्ते को दर्दनाक अंत तक पहुंचा दिया. जिस प्रेमी जोड़े ने साथ जिंदगी बिताने का सपना देखा था, उनमें से एक की जान चली गई और दूसरा हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंच गया.