पति या हैवान! पहले सिलबट्टे से कुचकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर ससुराल के 6 लोगों का किया ऐसा दर्दनाक हाल...
घरेलू विवाद के चलते कैब ड्राइवर पर पत्नी समेत परिवार के सात लोगों की हत्या का आरोप. पुलिस ने सात साल के बच्चे का शव बरामद किया, बाकी शवों की तलाश जारी है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): शक की सनक और गलतफहमी की आग किसी की जान की दुश्मन कैसे बन सकती है, यह बात आज की इस घटना से पता चलता है. एक कैब ड्राइवर पति ने अपनी पत्नी के साथ पहले ऐसी हैवानियत की जिसे जान आपकी रूह कांप जाएगी. इसके बाद भी पति की साक नहीं रुकी और ससुराल पक्ष के 6 लोगों को भी मौत के घाट उतार दिया.
मामला जुड़ा है कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से जहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत एक ही परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने का आरोप है. मृतकों में सात साल का मासूम बच्चा भी शामिल है. आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है. पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी से सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद कर लिया है, जबकि अन्य छह शवों की तलाश जारी है. आरोपी ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है.
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्याकांड के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि इंदुशेखर अपनी पत्नी सुनीता के मायके वालों से लगातार संपर्क रखने और उनके घर आने-जाने से नाराज रहता था. दोनों की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी और इस मुद्दे पर अक्सर उनके बीच विवाद होता रहता था. परिवार के लोगों ने कई बार दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन रिश्तों में तनाव कम नहीं हुआ. सुनीता को उसकी मां और भाइयों का समर्थन मिलने से आरोपी नाराज था. इसी नाराजगी में उसने पूरे परिवार को निशाना बनाने की योजना बनाई.
आरोपी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी सुनीता की सिलबट्टे से हत्या की. इसके बाद शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास ठिकाने लगा दिया. किसी को शक न हो, इसके लिए उसने सुनीता का मोबाइल फोन बंद कर दिया और पड़ोसियों को बताया कि वह कहीं घूमने गई है. अगले दिन उसने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया. आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने दोनों की भी सिलबट्टे से हत्या कर दी. इसके बाद उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी, अपनी सास रूपवती तथा शंकर के सात वर्षीय बेटे पुनीत को भी मौत के घाट उतार दिया.
इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा तब हुआ, जब गुरुवार को नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में परिवार के सदस्यों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो मामले की कड़ियां इंदुशेखर से जुड़ती चली गईं. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ने घर में खून के निशान मिटाने और सफाई करने के लिए कथित तौर पर केमिकल का इस्तेमाल किया था. पुलिस ने शवों को ले जाने में इस्तेमाल की गई कार और हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टे को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस ने नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद किया गया. वहीं, बाकी छह शवों की तलाश के लिए अभियान जारी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में सातों लोगों की हत्या करने का दावा किया है. हालांकि, पुलिस उसके बयान की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटा रही है.
पुलिस अब इस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है. जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस सामूहिक हत्याकांड में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की थी. इसमें आरोपी की बेटी की संभावित भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है. इसके साथ ही पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद आसपास के लोगों को इसकी भनक कैसे नहीं लगी.