त्योहारों से पहले महंगाई के मिठास को लगा तीखा झटका! चीनी 14 रुपये तो गुड 15 रुपये तक चढ़ी

त्योहारी सीजन से पहले रांची में चीनी और गुड़ के दाम तेजी से बढ़ गए हैं. पंडरा थोक मंडी में एक महीने में चीनी करीब 14 रुपये किलो महंगी हुई है, जबकि बेहतर क्वालिटी का गुड़ 65 रुपये किलो तक पहुंच गया है.

त्योहारों से पहले महंगाई के मिठास को लगा तीखा झटका! चीनी 14 रुपये तो गुड 15 रुपये तक चढ़ी

रांची (RANCHI): त्योहारों की रौनक शुरू होने से पहले ही घर की मिठास पर महंगाई की मार पड़ने लगी है. मिठाई, पकवान और रोजमर्रा की चाय के लिए जरूरी चीनी के दाम अचानक तेजी से बढ़ गए हैं. रांची की पंडरा थोक मंडी में पिछले एक महीने के दौरान चीनी की कीमत में करीब 13 से 14 रुपये प्रति किलो तक का उछाल आया है. वहीं, चीनी के साथ गुड़ की कीमत भी लगातार बढ़ रही है. कारोबारियों को आशंका है कि त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने पर कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है.

पंडरा थोक मंडी में 20 जुलाई को चीनी करीब 50 रुपये किलो बिक रही थी. लेकिन एक महीने के भीतर इसकी कीमत तेजी से बढ़ी और 20 अगस्त को थोक बाजार में चीनी 62 से 64 रुपये किलो तक पहुंच गई. खुदरा बाजार में इसकी कीमत 65 से 68 रुपये प्रति किलो तक बताई जा रही है. अगस्त महीने में ही चीनी के भाव में कई बार बदलाव देखने को मिला. 4 अगस्त को कीमत करीब 52 रुपये किलो थी. इसके बाद 14 अगस्त को यह 53 रुपये, 17 अगस्त को 60 रुपये, 18 अगस्त को 62 रुपये और 19 अगस्त को भी करीब 62 रुपये किलो रही. 20 अगस्त को कीमत फिर बढ़कर 62 से 64 रुपये किलो तक पहुंच गई. यानी 20 जुलाई से 20 अगस्त के बीच थोक बाजार में चीनी के भाव में करीब 13 से 14 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है.

थोक कारोबारियों के मुताबिक बाजार में चीनी की उपलब्धता और बढ़ती मांग के बीच अंतर का असर कीमतों पर दिखाई दे रहा है. आने वाले दिनों में त्योहारों के कारण चीनी की खपत और बढ़ने की संभावना है. ऐसे में कीमतों पर दबाव और बढ़ सकता है. कारोबारियों का यह भी कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों में आई तेजी का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है. अगर मांग के मुताबिक बाजार में पर्याप्त स्टॉक नहीं आया तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को और महंगी चीनी खरीदनी पड़ सकती है.

चीनी की बढ़ती कीमतों का असर गुड़ के बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. पंडरा थोक मंडी में बेहतर क्वालिटी का गुड़ फिलहाल 63 से 65 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. वहीं, मध्यम गुणवत्ता वाले गुड़ की कीमत करीब 40 से 57 रुपये किलो है. कारोबारियों के मुताबिक पिछले एक महीने में गुड़ की कीमत में करीब 10 से 15 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है. खास तौर पर अच्छी क्वालिटी के गुड़ के दाम में ज्यादा तेजी देखी गई है.

व्यापारियों का कहना है कि गुड़ और चीनी के दाम में इतनी तेजी सामान्य तौर पर कम देखने को मिलती है. बाजार में उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से आयात की अनुमति दी गई है. कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आयात बढ़ने से बाजार में स्टॉक बेहतर होगा और कीमतों में आई तेजी पर कुछ हद तक लगाम लग सकती है. चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने चीनी की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि चीनी हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है और त्योहारों में इसकी मांग कई गुना बढ़ जाती है. मिठाई और दूसरे पकवानों के लिए भी चीनी जरूरी है. ऐसे में लगातार बढ़ती कीमत आम लोगों के बजट पर सीधा असर डाल सकती है. उन्होंने सरकार से मांग की कि चीनी के दाम में अचानक आई तेजी की वजहों की जांच की जाए और कीमतों को नियंत्रित करने के लिए जल्द जरूरी कदम उठाए जाएं.