अब कीपैड फोन से भी कर सकेंगे PhonePe UPI पेमेंट, इंटरनेट की नहीं होगी जरूरत, जानिए कैसे

PhonePe ने चुनिंदा फीचर फोन के लिए UPI 123Pay सर्विस शुरू की है. इसकी मदद से बिना स्मार्टफोन और इंटरनेट के पैसे भेजने, दुकानदारों को भुगतान करने और बैंक बैलेंस चेक करने जैसे काम किए जा सकेंगे.

अब कीपैड फोन से भी कर सकेंगे PhonePe UPI पेमेंट, इंटरनेट की नहीं होगी जरूरत, जानिए कैसे

टिएनपी डेस्क (TNP DESK): अगर आपके पास स्मार्टफोन नहीं है और आप फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं, तो अब यूपीआई पेमेंट करना आसान होने वाला है. PhonePe ने चुनिंदा फीचर फोन के लिए अपनी UPI 123Pay सर्विस शुरू की है. इसकी मदद से यूजर्स बिना स्मार्टफोन और बिना इंटरनेट के पैसे भेजने और दुकानदारों को भुगतान करने जैसे काम कर सकेंगे. कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा फिलहाल उन फीचर फोन पर मिलेगी जो इस सर्विस को सपोर्ट करते हैं. आने वाले समय में इसकी पहुंच और ज्यादा डिवाइस तक बढ़ाई जा सकती है. PhonePe की कोशिश देश के 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स तक डिजिटल पेमेंट की सुविधा पहुंचाने की है.

बिना इंटरनेट कैसे होगा UPI पेमेंट?

PhonePe की UPI 123Pay सर्विस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके लिए इंटरनेट कनेक्शन जरूरी नहीं है. ट्रांजैक्शन को एसएमएस की मदद से पूरा किया जाता है. इसका फायदा खास तौर पर उन लोगों को हो सकता है जो ऐसे इलाकों में रहते हैं, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है या केवल 2G नेटवर्क मिलता है. ऐसे यूजर्स भी फीचर फोन से यूपीआई के जरिए डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे.

पैसे भेजने के साथ बैलेंस भी कर सकेंगे चेक

UPI 123Pay में केवल पैसे भेजने की सुविधा नहीं दी गई है. यूजर्स एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजने के अलावा दुकानदार को भुगतान कर सकते हैं. बैंक खाते का बैलेंस चेक करने और पुराने ट्रांजैक्शन देखने की सुविधा भी मिलेगी. PhonePe का कहना है कि भविष्य में इस सर्विस में और फीचर्स जोड़े जाएंगे. इनमें बिजली-पानी जैसे बिल का भुगतान, मोबाइल रिचार्ज और आधार के जरिए यूपीआई रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं शामिल हो सकती हैं.

इन फीचर फोन में मिलेगा सपोर्ट

HMD के मुताबिक, शुरुआत में HMD 105 2G, HMD 110 2G, Nokia 105 Classic, Nokia 105 Single SIM, Nokia 105 Dual SIM, Nokia 106 और Nokia 123 Shield जैसे फीचर फोन में PhonePe UPI की सुविधा मिलेगी. आने वाले समय में HMD और Nokia के कुछ अन्य फीचर फोन को भी इस सर्विस से जोड़ा जा सकता है.

फीचर फोन में कैसे सेट करें PhonePe UPI?

UPI शुरू करने के लिए यूजर को सपोर्टेड फीचर फोन में पहले से मौजूद PhonePe ऐप खोलना होगा. नियम और शर्तें स्वीकार करने के बाद अपना बैंक चुनना होगा. इसके बाद डेबिट कार्ड के आखिरी छह अंक और कार्ड की एक्सपायरी डेट दर्ज करनी होगी. फिर अपना UPI PIN बनाना होगा. पिन सेट होते ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.

QR कोड से भी कर सकेंगे पेमेंट

रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद यूजर मोबाइल नंबर, कॉन्टैक्ट या UPI ID के जरिए पैसे भेज सकेगा. अगर फीचर फोन में कैमरा दिया गया है और डिवाइस इस सुविधा को सपोर्ट करता है, तो QR कोड स्कैन करके भी भुगतान किया जा सकेगा. पेमेंट करते समय सबसे पहले पैसे पाने वाले व्यक्ति या दुकानदार की जानकारी दिखाई जाएगी. इसे जांचने के बाद रकम दर्ज करनी होगी और UPI PIN डालकर भुगतान की पुष्टि करनी होगी. PhonePe की नई सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है. इंटरनेट की जरूरत नहीं होने के कारण ग्रामीण और कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में भी फीचर फोन के जरिए डिजिटल पेमेंट की पहुंच बढ़ सकती है.