TNP DESK: WhatsApp अपने करोड़ों यूजर्स के लिए लगातार नए फीचर्स जोड़ रहा है ताकि मैसेजिंग के साथ-साथ कॉलिंग का अनुभव भी पहले से अधिक आसान और बेहतर बनाया जा सके. इसी दिशा में कंपनी ने ऑडियो और वीडियो कॉलिंग से जुड़े कई नए अपडेट पेश किए हैं. इन फीचर्स की मदद से अब यूजर्स को कॉल करने के लिए किसी अतिरिक्त एप्लिकेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी. खास बात यह है कि अब WhatsApp Web के जरिए भी ऑडियो और वीडियो कॉल की सुविधा उपलब्ध होगी. इसके अलावा कॉल ट्रांसफर, ग्रुप कॉल के लिए वेटिंग रूम, बेहतर वीडियो क्वालिटी और बैकग्राउंड शोर कम करने जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं.
अब WhatsApp Web से भी कर सकेंगे कॉल
अब तक WhatsApp Web का इस्तेमाल मुख्य रूप से चैटिंग, फाइल शेयरिंग और मैसेज मैनेज करने के लिए किया जाता था. नए अपडेट के बाद यूजर्स सीधे ब्राउजर से वन-टू-वन और ग्रुप ऑडियो-वीडियो कॉल कर सकेंगे. इससे उन लोगों को काफी सुविधा मिलेगी जो ऑफिस या घर पर कंप्यूटर के सामने काम करते हैं और मोबाइल की बजाय बड़े स्क्रीन पर कॉल करना पसंद करते हैं.
कंपनी के अनुसार WhatsApp Web पर की जाने वाली सभी कॉल्स एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगी. यानी कॉल के दौरान बातचीत पूरी तरह निजी रहेगी और किसी तीसरे व्यक्ति की उस तक पहुंच नहीं होगी. इसके अलावा Web कॉलिंग पर किसी तरह की समय सीमा लागू नहीं होगी और यूजर्स को इसके लिए अलग से कोई शुल्क भी नहीं देना पड़ेगा. स्क्रीन शेयरिंग, इमोजी रिएक्शन और कॉल हिस्ट्री जैसे फीचर्स भी Web वर्जन पर उपलब्ध रहेंगे.

एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर आसानी से होगी कॉल शिफ्ट
WhatsApp ने कॉल ट्रांसफर फीचर भी पेश किया है, जिससे चल रही कॉल को बिना डिस्कनेक्ट किए दूसरे डिवाइस पर जारी रखा जा सकेगा. उदाहरण के तौर पर यदि आपने मोबाइल फोन पर ग्रुप कॉल शुरू की है और बाद में लैपटॉप या डेस्कटॉप पर काम करना चाहते हैं, तो कॉल को सीधे WhatsApp Web पर ट्रांसफर किया जा सकता है. इसी तरह जरूरत पड़ने पर कॉल को दोबारा मोबाइल पर भी वापस लाया जा सकेगा. इस फीचर का उद्देश्य यूजर्स को अधिक लचीलापन देना है ताकि डिवाइस बदलने पर कॉल दोबारा शुरू करने की जरूरत न पड़े.

ग्रुप कॉल में मिलेगा Waiting Room का विकल्प
ग्रुप कॉल को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए WhatsApp ने Waiting Room फीचर भी जोड़ा है. अब जब कोई यूजर कॉल लिंक बनाएगा, तो उसके पास "Require approval to join" विकल्प को चालू करने का विकल्प होगा. इस सेटिंग के सक्रिय होने पर लिंक के जरिए जुड़ने वाले सभी लोग पहले वेटिंग रूम में पहुंचेंगे. कॉल शुरू करने वाला एडमिन या होस्ट अनुमति देने के बाद ही उन्हें कॉल में शामिल कर सकेगा. इससे अनचाहे लोगों की एंट्री रोकी जा सकेगी और ग्रुप कॉल पर बेहतर नियंत्रण रहेगा.
QuickHD और Noise Suppression से बेहतर होगा अनुभव
वीडियो कॉल की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए WhatsApp ने QuickHD फीचर भी जोड़ा है. पहले कई बार वीडियो कॉल शुरू होने के बाद HD क्वालिटी आने में कुछ समय लगता था, लेकिन अब कॉल शुरू होते ही बेहतर वीडियो क्वालिटी मिलने लगेगी. इससे बातचीत अधिक स्पष्ट दिखाई देगी और वीडियो अनुभव पहले से अधिक स्मूद होगा.
इसके साथ ही कंपनी ने Noise Suppression फीचर भी शामिल किया है. यह तकनीक आसपास मौजूद अनावश्यक शोर को कम करने का काम करती है, जिससे सामने वाले व्यक्ति तक आपकी आवाज ज्यादा साफ और स्पष्ट पहुंचती है. खासकर भीड़भाड़ या शोर वाले माहौल में यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है.

धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा अपडेट
WhatsApp ने जानकारी दी है कि इन सभी नए कॉलिंग फीचर्स को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किया जा रहा है. इसलिए संभव है कि सभी यूजर्स को ये सुविधाएं एक साथ दिखाई न दें. यदि आपके WhatsApp में फिलहाल ये फीचर्स उपलब्ध नहीं हैं, तो ऐप को नियमित रूप से अपडेट करते रहें. आने वाले दिनों में लेटेस्ट अपडेट के साथ सभी योग्य यूजर्स को नए कॉलिंग फीचर्स मिलने लगेंगे. इन बदलावों के बाद WhatsApp केवल मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ही नहीं, बल्कि ऑडियो और वीडियो कम्युनिकेशन के लिए भी पहले से अधिक सक्षम और सुविधाजनक विकल्प बनता नजर आ रहा है.

