टीएनपी डेस्क (TNP DESK): Instagram ने अपने यूजर्स के लिए Instagram Plus के नाम से नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन लॉन्च किया है. इस नई सर्विस का उद्देश्य यूजर्स को प्लेटफॉर्म पर पहले से अधिक कंट्रोल, एक्सक्लूसिव फीचर्स और पर्सनलाइज्ड अनुभव देना है. इस पैक कि कीमत है 299 रुपये प्रत्येक माह है. कंपनी ने साफ किया है कि Instagram का मौजूदा फ्री वर्जन पहले की तरह सभी के लिए उपलब्ध रहेगा. Instagram Plus केवल उन लोगों के लिए एक वैकल्पिक सब्सक्रिप्शन है, जो अतिरिक्त सुविधाओं का लाभ उठाना चाहते हैं.
Instagram Plus के जरिए यूजर्स अपने दोस्तों और परिवार के साथ पहले से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे. Story Spotlight फीचर आपकी स्टोरी को दोस्तों की फीड में प्राथमिकता देगा, जबकि Super Hearts की मदद से आप रंगीन और एनिमेटेड हार्ट्स भेजकर अपनी प्रतिक्रिया को और खास बना सकेंगे. वहीं, Multiple Story Audiences फीचर के जरिए अलग-अलग लोगों के लिए कई कस्टम ऑडियंस लिस्ट बनाई जा सकेगी, जिससे हर स्टोरी सही लोगों तक पहुंचेगी. इसके अलावा Story Extend विकल्प के साथ स्टोरी को 24 घंटे की बजाय 48 घंटे तक लाइव रखा जा सकेगा.
इस सब्सक्रिप्शन में स्टोरी से जुड़ी कई नई इनसाइट्स भी मिलेंगी. Story Preview फीचर के जरिए यूजर्स बिना किसी प्रतिक्रिया दिए पहले ही स्टोरी देख सकेंगे. वहीं Story Rewatch Insights यह बताएगा कि आपकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया. इसके अलावा Search Viewer List की मदद से यह भी आसानी से पता लगाया जा सकेगा कि किसी खास व्यक्ति ने आपकी स्टोरी देखी है या नहीं.
Instagram Plus प्रोफाइल को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज करने का भी मौका देता है. यूजर्स अपनी पसंद का Custom App Icon चुन सकेंगे और Custom Bio Font के जरिए प्रोफाइल बायो का फॉन्ट बदल सकेंगे. इसके अलावा अब प्रोफाइल पर 6 पोस्ट तक पिन करने की सुविधा मिलेगी. वहीं Post Directly to Profile फीचर की मदद से पोस्ट को सीधे प्रोफाइल या हाइलाइट्स में जोड़ा जा सकेगा, बिना उसे दोस्तों की फीड में दिखाए.
कंपनी का कहना है कि Instagram Plus की शुरुआत कई प्रीमियम फीचर्स के साथ की गई है और आने वाले महीनों में इसमें और भी नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी. जो यूजर्स Instagram पर अधिक पर्सनल, एडवांस और एक्सक्लूसिव अनुभव चाहते हैं, उनके लिए यह नया सब्सक्रिप्शन एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है.

