टीएनपी डेस्क (TNP DESK): इंस्टाग्राम अब सिर्फ मोबाइल ऐप तक सीमित नहीं रहना चाहता. Meta के स्वामित्व वाला और सबसे ज्यादा पसंद आने वाला यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अब बड़े पर्दे पर भी अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है. कंपनी ने अपने Instagram TV ऐप का विस्तार करते हुए इसे अमेरिका में Samsung Smart TVs के लिए उपलब्ध करा दिया है. इसके साथ ही कई नए फीचर्स की भी घोषणा की गई है, जिनका उद्देश्य टीवी पर वीडियो देखने के अनुभव को अधिक मनोरंजक और सोशल बनाना है. कंपनी के मुताबिक, Instagram TV ऐप अब उन Samsung Smart TVs पर काम करेगा जो साल 2020 या उसके बाद लॉन्च हुए हैं. इससे पहले यह ऐप Amazon Fire TV और Google TV डिवाइस पर उपलब्ध था. नए विस्तार के बाद अमेरिका में अधिकांश Connected TV प्लेटफॉर्म पर इंस्टाग्राम का सपोर्ट मिल गया है.
अब टीवी पर दिखेंगे पसंदीदा Reels
Meta ने Reels Casting नाम का नया फीचर भी पेश किया है. इसकी मदद से यूजर अपने स्मार्टफोन से सीधे टीवी पर Reels चला सकेंगे. खास बात यह है कि Google TV और Fire TV डिवाइस पर यह फीचर उन Reels को भी बड़ी स्क्रीन पर दिखाएगा जिन्हें यूजर ने अपनी पर्सनल कलेक्शन में सेव किया है. इससे दोस्तों और परिवार के साथ कंटेंट शेयर करना पहले से कहीं आसान हो जाएगा.
इंस्टाग्राम TV ऐप में अब Stories का सपोर्ट भी जोड़ा जा रहा है. इसके अलावा कंपनी Horizontal Videos के लिए अलग सेक्शन की टेस्टिंग कर रही है, ताकि बड़ी स्क्रीन के हिसाब से तैयार किए गए वीडियो बेहतर तरीके से देखे जा सकें. कंपनी का कहना है कि ये सभी फीचर्स अभी शुरुआती टेस्टिंग चरण में हैं और इन्हें यूजर्स की देखने की आदतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है.
इंस्टाग्राम ने इंटरनेट आधारित चैनलों की टेस्टिंग भी शुरू कर दी है. इन चैनलों में कॉमेडी, स्पोर्ट्स, क्रिएटर्स और अन्य विषयों से जुड़े वीडियो एक ही जगह दिखेंगे. इससे परिवार के साथ बैठकर पसंदीदा कंटेंट ढूंढना और देखना आसान हो जाएगा. Meta का मानना है कि टीवी पर लंबे वीडियो और एपिसोड आधारित कंटेंट आने से क्रिएटर्स को अपनी कहानी अधिक विस्तार से बताने का मौका मिलेगा. कंपनी इस अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई क्रिएटर्स के साथ मिलकर काम भी कर रही है.
भारत में कब आएगा यह फीचर?
फिलहाल Instagram TV ऐप और इसके नए फीचर्स केवल अमेरिका में उपलब्ध हैं. कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि भारत समेत अन्य देशों में यह सुविधा कब शुरू होगी. हालांकि, इस अपडेट से इतना साफ है कि इंस्टाग्राम अब स्मार्टफोन के साथ-साथ Connected TV की दुनिया में भी अपनी मजबूत मौजूदगी बनाने की तैयारी कर चुका है.

