WhatsApp ग्रुप में अब जुड़ सकेंगे 1500 लोग, जानिए क्या है नया फीचर
WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए अच्छी खबर है. अब बड़े ग्रुप बनाने और ज्यादा लोगों को एक साथ जोड़ने में आसानी होने वाली है. कंपनी ने ग्रुप में मेंबर्स की संख्या बढ़ाकर 1500 कर दी है.
टिएनपी डेस्क(TNP DESK): WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए अच्छी खबर है. अब बड़े ग्रुप बनाने और ज्यादा लोगों को एक साथ जोड़ने में आसानी होने वाली है. कंपनी ने ग्रुप में मेंबर्स की संख्या बढ़ाकर 1500 कर दी है. यानी अब एक WhatsApp ग्रुप में पहले के मुकाबले 476 ज्यादा लोगों को जोड़ा जा सकेगा. यह बदलाव Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है.
अब तक WhatsApp के एक ग्रुप में अधिकतम 1024 लोग ही शामिल हो सकते थे. ऐसे में जिन ग्रुप में मेम्बर्स की संख्या ज्यादा होती थी, उन्हें अलग-अलग ग्रुप बनाने पड़ते थे. इससे एक ही परिवार, संस्था या संगठन के लोगों को कई ग्रुप में बांटना पड़ता था. अब नई लिमिट आने के बाद इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी.
फैमिली से लेकर स्कूल और सोसायटी ग्रुप को फायदा
आज WhatsApp सिर्फ दोस्तों और परिवार से बातचीत करने का जरिया नहीं रह गया है. स्कूल, कॉलेज, ऑफिस, सोसायटी और अलग-अलग सामाजिक संगठनों में भी इसका खूब इस्तेमाल होता है. कई बार इन ग्रुप में मेम्बर्स की संख्या एक हजार से ज्यादा हो जाती है. ऐसे में 1500 लोगों को एक ही ग्रुप में जोड़ने की सुविधा काफी काम आएगी. खासकर बड़े संगठनों और कम्युनिटी ग्रुप को इसका फायदा मिल सकता है.

अपने आप अपडेट होगा नया फीचर
WhatsApp के इस नए फीचर के लिए यूजर्स को अलग से कोई सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं होगी. कंपनी इसे धीरे-धीरे रोलआउट कर रही है. यानी आने वाले दिनों में यह सुविधा यूजर्स के अकाउंट में अपने आप पहुंच जाएगी. हालांकि, सभी यूजर्स को यह अपडेट एक साथ मिले, ऐसा जरूरी नहीं है.
ग्रुप चैट के लिए चार और नए फीचर्स
WhatsApp ने ग्रुप को बेहतर बनाने के लिए कुछ दूसरे फीचर्स भी पेश किए हैं. इनका मकसद ग्रुप में होने वाली बातचीत को सिस्टमैटिक रखना और जरूरी जानकारी को आसानी से ढूंढना है.
अब यूजर्स किसी जरूरी मैसेज को लंबे समय तक चैट में पिन करके रख सकते हैं. इससे बार-बार पुराने मैसेज खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके अलावा ग्रुप में स्टेटस अपडेट शेयर करने की सुविधा भी दी गई है.
एक और बदलाव के तहत मेंशन और रिप्लाई के आधार पर चैट को फिल्टर किया जा सकेगा. इससे यूजर्स को यह समझने में आसानी होगी कि किसने उन्हें मेंशन किया है या किस मैसेज का जवाब दिया है.
इसके अलावा नए मेंबर्स के साथ ग्रुप के पुराने चुनिंदा मैसेज शेयर करने का ऑप्शन भी दिया गया है. इससे जो लोग बाद में ग्रुप से जुड़ेंगे, वे पहले हुई जरूरी बातचीत को समझ सकेंगे.
कुल मिलाकर WhatsApp के ये बदलाव बड़े ग्रुप को संभालना आसान बनाने और बातचीत को ज्यादा व्यवस्थित करने की दिशा में उठाए गए कदम हैं.