YOUTUBE से पैसा कमाना अब नहीं होगा आसान! इस नई गाइडलाइंस ने उड़ाये CONTENT CREATORS के होश

YOUTUBE से पैसा कमाना अब नहीं होगा आसान! इस नई गाइडलाइंस ने उड़ाये CONTENT CREATORS के होश

TNP DESK:यूट्यूब अब केवल वीडियो देखने का माध्यम नहीं रह गया है. यह लाखों कंटेंट क्रिएटर्स के लिए कमाई और करियर का एक बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है. हर दिन बड़ी संख्या में लोग अपना चैनल शुरू कर रहे हैं और वीडियो के जरिए कमाई करने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, अगर आप भी यूट्यूब चैनल शुरू करके इससे पैसा कमाने की योजना बना रहे हैं, तो आने वाले समय में आपको पहले की तुलना में ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है.

दरअसल, यूट्यूब ने अपने पार्टनर प्रोग्राम यानी YPP से जुड़े मोनेटाइजेशन नियमों में बदलाव की घोषणा की है. नई व्यवस्था के तहत नए क्रिएटर्स के लिए कमाई शुरू करने की पात्रता हासिल करना पहले के मुकाबले कठिन हो सकता है. कंपनी के अनुसार, ये नए नियम 1 फरवरी 2027 से पूरी तरह प्रभावी होंगे.

मोनेटाइजेशन के लिए वॉच टाइम का लक्ष्य बढ़ा

यूट्यूब से विज्ञापन और YouTube Premium के जरिए कमाई शुरू करने के लिए चैनल का पार्टनर प्रोग्राम में शामिल होना जरूरी होता है. मौजूदा व्यवस्था में नए क्रिएटर्स को एक साल के भीतर 4,000 घंटे का पब्लिक वॉच टाइम पूरा करना होता था.

नई व्यवस्था में इस लक्ष्य को बढ़ाकर 8,000 घंटे करने की बात कही गई है. इसका मतलब है कि नए चैनलों को मोनेटाइजेशन की पात्रता हासिल करने के लिए पहले की तुलना में दोगुना वॉच टाइम जुटाना पड़ेगा.

Shorts क्रिएटर्स की भी बढ़ी टेंशन

शॉर्ट्स के जरिए चैनल को मोनेटाइज कराने की कोशिश करने वाले क्रिएटर्स के लिए भी लक्ष्य बढ़ाया गया है. जहां अभी 90 दिनों में 1 करोड़ Shorts Views का लक्ष्य है, वहीं नए नियमों के तहत इसे बढ़ाकर 2 करोड़ व्यूज किया जा रहा है.

इससे शॉर्ट वीडियो बनाने वाले नए क्रिएटर्स के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है. उन्हें कम समय में ज्यादा दर्शकों तक पहुंच बनानी होगी.

पुराने क्रिएटर्स पर नहीं पड़ेगा सीधा असर

नए नियमों को लेकर मौजूदा यूट्यूबर्स के बीच भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, पहले से YouTube Partner Program का हिस्सा बन चुके क्रिएटर्स को इस बदलाव से राहत दी गई है. नई शर्तें मुख्य रूप से उन लोगों पर लागू होंगी, जो भविष्य में YPP में शामिल होकर कमाई शुरू करना चाहते हैं.

यानी पहले से मोनेटाइज्ड चैनलों की मौजूदा कमाई पर इन नए पात्रता नियमों का सीधा असर नहीं पड़ेगा.

Shorts से कमाई के लिए लगातार प्रदर्शन जरूरी

नई व्यवस्था में Shorts क्रिएटर्स के लिए नियमित प्रदर्शन भी अहम हो जाएगा. अगर कोई क्रिएटर विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन से कमाई जारी रखना चाहता है, तो उसे निर्धारित अवधि में तय व्यूज हासिल करने होंगे.

अगर किसी अवधि में लक्ष्य पूरा नहीं होता है, तो इसका मतलब यह नहीं होगा कि चैनल तुरंत YPP से बाहर हो जाएगा. हालांकि, लक्ष्य पूरा होने तक कमाई प्रभावित हो सकती है. दोबारा आवश्यक व्यूज हासिल करने के बाद कमाई बहाल होने की संभावना रहेगी.

कम व्यूज वाले क्रिएटर्स के लिए भी प्लेटफॉर्म पर कमाई के दूसरे रास्ते मौजूद रहेंगे. इनमें YouTube Shopping, ब्रांड पार्टनरशिप और अन्य क्रिएटर आधारित कमाई के विकल्प शामिल हो सकते हैं.

सिर्फ व्यूज नहीं, कंटेंट की क्वालिटी भी होगी जरूरी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लगातार अपने क्रिएटर मोनेटाइजेशन सिस्टम में बदलाव कर रहे हैं. ऐसे में आने वाले समय में केवल ज्यादा व्यूज जुटाना पर्याप्त नहीं होगा. क्रिएटर्स को ओरिजिनल और उपयोगी कंटेंट पर ज्यादा ध्यान देना पड़ेगा.

दर्शकों के साथ मजबूत कनेक्शन बनाना, नियमित रूप से बेहतर कंटेंट तैयार करना और अपनी अलग पहचान कायम करना नए क्रिएटर्स के लिए बेहद जरूरी होगा. साफ है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक कमाई करने के लिए अब केवल वायरल वीडियो पर निर्भर रहना आसान नहीं होगा.