क्या स्मार्टफोन की फास्ट चार्जिंग ने खराब कर दी है आपके फोन की बैटरी लाइफ? जानिए क्या है असली वजह

फास्ट चार्जिंग से फोन की बैटरी जल्दी खराब होती है या नहीं? जानिए बैटरी लाइफ पर गर्मी, चार्जिंग आदतों और 100% चार्जिंग का कितना असर पड़ता है.

क्या स्मार्टफोन की फास्ट चार्जिंग ने खराब कर दी है आपके फोन की बैटरी लाइफ? जानिए क्या है असली वजह

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): इन दिनों ऐसे ऐसे फीचर वाले फोन आ गए हैं जिसे बस मिनटों के चार्जिंग की जरूरत होती है. बस फोन चार्जिंग में लगाया और 10 से 15 मिनट में आपका फोन फुल्ली चार्ज हो जाता है. पर कई बार ऐसा भी होता है की कुछ फोन में जितनी फास्ट चार्जिंग होती है उतनी ही जल्दी बैटरी खत्म भी हो जाती है. अब यह समस्या कई लोगों को होती होगी पर क्या आपने कभी ये सोचा है कि आखिर फास्ट चार्जिंग के बावजूद भी बैटरी इतनी जल्दी कैसे खत्म हो जाती है. अब बाजार में 33W से लेकर 45W, 67W, 80W और यहां तक कि 120W फास्ट चार्जिंग वाले स्मार्टफोन उपलब्ध हैं. ऐसे में कुछ डिवाइस बेहद कम समय में बैटरी को काफी हद तक चार्ज करने का दावा करते हैं.  ऐसे में सिर्फ फास्ट चार्जिंग को बैटरी की कम उम्र के लिए जिम्मेदार नहीं माना जा सकता. बैटरी कितने समय तक अच्छी स्थिति में रहेगी, इस पर तापमान, चार्जिंग की आदत और लंबे समय तक बैटरी को 100 प्रतिशत पर रखने जैसे कई कारकों का असर पड़ता है.

Image

स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली Lithium-ion बैटरी समय के साथ अपनी क्षमता खोती है. यानी कुछ वर्षों के इस्तेमाल के बाद बैटरी पहले की तुलना में कम बैकअप देने लगती है. बैटरी की उम्र पर तापमान और चार्जिंग पैटर्न का भी प्रभाव पड़ता है. फास्ट चार्जिंग में कम समय के भीतर बैटरी में ज्यादा ऊर्जा पहुंचाई जाती है, जिसके कारण डिवाइस का तापमान बढ़ सकता है. चार्जिंग से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि चार्जिंग के दौरान फोन कितना गर्म होता है और कितनी देर तक गर्म रहता है. चार्जिंग के दौरान स्मार्टफोन का थोड़ा गर्म होना सामान्य बात है. लेकिन अगर फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाए या लंबे समय तक हाई टेम्परेचर पर बना रहे, तो इसका बैटरी की क्षमता पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. इसी वजह से आधुनिक स्मार्टफोन में तापमान को मॉनिटर करने वाले सिस्टम दिए जाते हैं. अगर फोन ज्यादा गर्म होने लगे तो डिवाइस खुद चार्जिंग की स्पीड कम कर सकता है. यही कारण है कि कई फास्ट-चार्जिंग फोन शुरुआत में बेहद तेजी से चार्ज होते हैं, लेकिन बैटरी का स्तर करीब 80 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद चार्जिंग धीमी हो जाती है. फोन बैटरी को अतिरिक्त गर्मी और तनाव से बचाने के लिए चार्जिंग पावर को कम कर रहा होता है.

Image

Fast Charging इस्तेमाल करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
•    संभव हो तो फोन के साथ मिलने वाले चार्जर और केबल का इस्तेमाल करें.
•    कंपनी द्वारा सुझाए गए या प्रमाणित चार्जर का ही इस्तेमाल करें.
•    चार्जिंग के दौरान फोन बहुत गर्म हो रहा हो तो गेमिंग या भारी ऐप्स चलाने से बचें.
•    फोन को सीधी धूप में रखकर चार्ज न करें.
•    बहुत गर्म कमरे या अत्यधिक गर्म जगह पर चार्जिंग करने से बचें.
•    अगर फोन में 80% Charging Limit या Battery Protection का विकल्प है, तो जरूरत के मुताबिक इसे एक्टिवेट कर सकते हैं.
•    फोन को लंबे समय तक 100% चार्ज पर रखने की आदत से बचना बेहतर है.

Image

तो क्या Fast Charging को बंद कर देना चाहिए?
अगर आपके स्मार्टफोन को कंपनी ने फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ डिजाइन किया है, तो आप सामान्य तौर पर इसका फायदा उठा सकते हैं. 80W या 120W चार्जिंग देखकर यह फैसला करना सही नहीं है कि उस फोन की बैटरी बाकी फोन की तुलना में जल्दी खराब होगी. बैटरी की उम्र पर कई चीजों का असर पड़ता है और इनमें गर्मी और चार्जिंग की आदतें अहम फैक्टर निभाती हैं. इसलिए फास्ट चार्जिंग को लेकर बेवजह चिंता करने के बजाय सही चार्जर का इस्तेमाल करें, चार्जिंग के दौरान फोन को गर्म होने से बचाएं और अगर डिवाइस में Battery Protection या 80% Charging Limit जैसा फीचर मौजूद है तो उसका इस्तेमाल करें.