विदेश से पेमेंट लेना होगा आसान, Jio Payment Solutions ने शुरू की Cross-Border सर्विस, RBI से मिली मंजूरी

Jio Payment Solutions ने Cross-Border Payment Service शुरू की है. इससे भारतीय एक्सपोर्टर्स, फ्रीलांसर्स, क्रिएटर्स और डिजिटल कंपनियां विदेशों से स्थानीय करेंसी में आसानी से पेमेंट ले सकेंगी.

विदेश से पेमेंट लेना होगा आसान, Jio Payment Solutions ने शुरू की Cross-Border सर्विस, RBI से मिली मंजूरी

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):  विदेश में सामान या सेवाएं बेचने वाले भारतीय कारोबारियों के लिए अब विदेशी पेमेंट लेना आसान होगा. जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की कंपनी जियो पेमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड (JPSL) ने क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट सर्विस शुरू करदी है. इस सुविधा के जरिए भारतीय एक्सपोर्टर्स विदेशों में मौजूद ग्राहकों से वर्चुअल अकाउंट, इंटरनेशनल कार्ड और अलग-अलग स्थानीय पेमेंट नेटवर्क के माध्यम से भुगतान ले सकेंगे. कंपनी को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट एग्रीगेटर के तौर पर मंजूरी मिली है. यह मंजूरी एक्सपोर्ट और इम्पोर्ट दोनों तरह के अंतरराष्ट्रीय लेनदेन को कवर करती है. हालांकि, फिलहाल सर्विस का मुख्य फोकस विदेश से पेमेंट प्राप्त करने को आसान बनाना है.

इस सुविधा का फायदा सिर्फ बड़े कारोबारियों को ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन सेलर्स, फ्रीलांसर्स, क्रिएटर्स, डिजिटल कंपनियों और सॉफ्टवेयर सर्विस देने वाले कारोबारियों को भी मिल सकता है. विदेश से भुगतान लेते समय अलग-अलग करेंसी, कई पेमेंट पार्टनर्स, कागजी प्रक्रिया और पेमेंट का मिलान जैसी परेशानियां सामने आती हैं. JPSL का कहना है कि उसकी नई सर्विस इन प्रक्रियाओं को आसान बनाने में मदद करेगी. भारतीय कारोबारी अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, UAE, सिंगापुर, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में ग्राहकों को उनकी स्थानीय करेंसी में कीमत बता सकेंगे और उसी व्यवस्था के जरिए भुगतान प्राप्त कर सकेंगे. कंपनी आने वाले समय में लैटिन अमेरिका, दक्षिण-पूर्व एशिया और मिडिल ईस्ट के लिए भी स्थानीय पेमेंट विकल्प जोड़ने की योजना बना रही है.

कंपनी के मुताबिक, क्रॉस-बॉर्डर ट्रांजेक्शन का सेटलमेंट दो कार्यदिवस के भीतर किया जा सकेगा और भुगतान की रकम का कोई हिस्सा रोककर नहीं रखा जाएगा. विदेशी पेमेंट से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी उसी कार्यदिवस में उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी. इस सर्विस को शुरू करने के लिए Jio Payment Solutions ने Citi के साथ साझेदारी की है. कंपनी का मानना है कि नई सुविधा से विदेशों में कारोबार करने वाले भारतीय एक्सपोर्टर्स और डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए पेमेंट प्रक्रिया अधिक आसान और सुविधाजनक होगी.