हवा में छलांग लगाने वाली Tesla Roadster की भारत में बुकिंग शुरू, जानिए कितने रुपये देकर कर सकते हैं रिजर्व
इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला की रोडस्टर इन दिनों काफी चर्चा में है. इसकी सबसे बड़ी वजह कार में मिलने वाली खास तकनीक है, जिसके जरिए यह हवा में छलांग लगाने जैसे करतब दिखा सकती है.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला की रोडस्टर इन दिनों काफी चर्चा में है. इसकी सबसे बड़ी वजह कार में मिलने वाली खास तकनीक है, जिसके जरिए यह हवा में छलांग लगाने जैसे करतब दिखा सकती है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कार किसी विमान की तरह आसमान में उड़ने लगेगी. इसकी खासियत इसे दूसरी कारों से अलग बनाती है.
अब इस कार को लेकर भारतीय ग्राहकों के लिए भी एक खबर सामने आई है. भारत में Tesla Roadster के लिए रिजर्वेशन शुरू हो गया है. कंपनी ने इसके तीन वेरिएंट पेश किए हैं, जिनके नाम परफॉर्मेंस, थ्रस्ट और रॉकेट हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इन वेरिएंट को रिजर्व करने के लिए कितने पैसे देने होंगे.
Tesla Roadster Performance के लिए कितनी रकम चाहिए?
अगर आप टेस्ला रोडस्टर का परफॉर्मेंस वेरिएंट लेना चाहते हैं, तो इसके लिए शुरुआती रिजर्वेशन राशि 5.01 लाख रुपये देने होंगे. लेकिन यहां यह समझना जरूरी है कि केवल इतनी रकम देने से आपकी बुकिंग की पूरी प्रक्रिया खत्म नहीं होगी.
रिजर्वेशन के अगले 10 दिनों के भीतर ग्राहक को 45.05 लाख रुपये और जमा करने होंगे. इस तरह कुल रकम करीब 50.06 लाख रुपये हो जाती है. यानी इस वेरिएंट को रिजर्व करने के लिए आपको अच्छी-खासी रकम तैयार रखनी होगी.

Thrust वेरिएंट के लिए देने होंगे करोड़ों रुपये
अब बात करते हैं Tesla Roadster के थ्रस्ट वेरिएंट की. इसमें दो लोगों के बैठने की जगह के साथ मल्टी-मोड सक्शन सिस्टम और एक्सीलरेशन थ्रस्टर मिलेगा. कंपनी की ओर से बताई गई शर्तों के मुताबिक, इसे भी 5.01 लाख रुपये की शुरुआती रकम देकर रिजर्व किया जा सकता है.
इसके बाद अगले 10 दिनों के भीतर 2,45,24,000 रुपये जमा करने होंगे. इस तरह कुल रकम 2,50,25,000 रुपये यानी करीब 2.50 करोड़ रुपये पहुंच जाती है. इस वेरिएंट का रिजर्वेशन लिनीटेड नंबर में उपलब्ध है. साथ ही, एक ग्राहक केवल एक ही रिजर्वेशन कर सकता है.
Rocket वेरिएंट के लिए मिलेगा इनविटेशन
Tesla Roadster का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला वेरिएंट रॉकेट है. इसकी खासियत हवा में छलांग लगाने और करतब दिखाने वाली तकनीक बताई जा रही है. हालांकि, इस वेरिएंट को हर कोई सीधे रिजर्व नहीं कर सकता. इसके लिए कंपनी की तरफ से इनविटेशन मिलेगा तभी कोई इसको रिजर्व कर सकता है.

क्या है कार की असली कीमत?
यहां एक जरूरी बात समझ लें. टेस्ला रोडस्टर की आधिकारिक कीमतों का ऐलान अभी नहीं हुआ है. ऊपर बताई गई रकम रिजर्वेशन से जुड़ी जानकारी पर आधारित है. इसलिए पैसे जमा करने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध शर्तों, भुगतान प्रक्रिया और रिफंड पॉलिसी की जांच जरूर करें.