ऑनलाइन ठगी पर लगेगी लगाम! WhatsApp का नया Scam Alert फीचर यूजर्स को करेगा सतर्क

ऑनलाइन ठगी पर लगेगी लगाम! WhatsApp का नया Scam Alert फीचर यूजर्स को करेगा सतर्क

TNP DESK: ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच WhatsApp अपने यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत बनाने की तैयारी कर रहा है. कंपनी एक नए Scam Alert फीचर पर काम कर रही है, जो अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध मैसेज की पहचान कर यूजर्स को तुरंत सतर्क करेगा. इस फीचर का उद्देश्य लोगों को साइबर ठगी और फर्जी संदेशों से बचाना है.

यह फीचर किसी भी संदिग्ध मैसेज का विश्लेषण सीधे यूजर के स्मार्टफोन पर ही करेगा. यदि किसी मैसेज में धोखाधड़ी या स्कैम से जुड़े संकेत मिलते हैं, तो चैट विंडो में तुरंत चेतावनी दिखाई दे सकती है. इससे यूजर्स को समय रहते सावधान होने का मौका मिलेगा और वे किसी भी संदिग्ध लिंक, ऑफर या संदेश के झांसे में आने से बच सकेंगे.

इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राइवेसी है. मैसेज की जांच पूरी तरह डिवाइस पर ही होगी, यानी यूजर की निजी चैट WhatsApp या Meta के सर्वर तक नहीं पहुंचेगी. इससे सुरक्षा के साथ-साथ गोपनीयता भी बनी रहेगी. कंपनी का उद्देश्य यूजर्स को सुरक्षित अनुभव देना है, बिना उनकी निजी जानकारी से समझौता किए.

अगर किसी नंबर या मैसेज को सिस्टम संदिग्ध मानता है, तो यूजर को दो विकल्प मिल सकते हैं. पहला, उस नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट करने का. दूसरा, यदि यूजर को मैसेज भरोसेमंद लगता है तो बातचीत जारी रखने का. WhatsApp इस प्रक्रिया में खुद कोई कार्रवाई नहीं करेगा, बल्कि अंतिम निर्णय यूजर के हाथ में रहेगा.

कंपनी एक लोकल ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट फीचर पर भी काम कर रही है. इसके जरिए यूजर्स यह देख सकेंगे कि उनके डिवाइस पर Scam Alert कितनी बार सक्रिय हुआ और किन परिस्थितियों में चेतावनी जारी की गई. यह पूरी जानकारी केवल फोन में ही सुरक्षित रहेगी और किसी बाहरी सर्वर पर साझा नहीं की जाएगी.

हालांकि यह फीचर फिलहाल विकास के चरण में है और अभी तक बीटा टेस्टिंग के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया गया है. इसके बावजूद इसे WhatsApp के सबसे उपयोगी सुरक्षा फीचर्स में से एक माना जा रहा है. यदि यह फीचर लॉन्च होता है, तो ऑनलाइन फ्रॉड और फिशिंग जैसे खतरों से बचाव में यूजर्स को बड़ी मदद मिल सकती है.