अब WhatsApp पर EPFO, Balance से 5 transction और passbook भी
नौकरीपेशा लोगों के लिए PF खाते से जुड़ी एक नई सुविधा शुरू की गई है. अब कर्मचारियों को अपना प्रोविडेंट फंड (PF) बैलेंस चेक करने के लिए बार-बार EPFO की वेबसाइट या पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं होगी.
टीनपी डेस्क(TNP DESK): जो लोग जॉब करते है और उनके प्रोविडेंट फंड (PF) कटते है, उनके लिए यह खबर बेहद जरूरी है. WhatsApp ने नए फीचर लॉन्च किया है. ऐसे में नौकरीपेशा लोगों के लिए PF खाते से जुड़ी एक नई सुविधा शुरू की गई है. अब कर्मचारियों को अपना प्रोविडेंट फंड (PF) बैलेंस चेक करने के लिए बार-बार EPFO की वेबसाइट या पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं होगी. कर्मचारी घर बैठे अपने WhatsApp से ही PF खाते में जमा रकम की जानकारी हासिल कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें सिर्फ एक मैसेज भेजना होगा. इस सुविधा के जरिए PF बैलेंस के साथ पासबुक और खाते में हुए पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी भी मिल सकेगी.

दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने WhatsApp के जरिए PF से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की है. इसकी शुरुआत 1 नवंबर 2026 को EPFO के 74वें स्थापना दिवस के मौके पर केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने की. इसका उद्देश्य कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से आसानी से सेवाएं उपलब्ध कराना और छोटी-छोटी जानकारियों के लिए पोर्टल पर निर्भरता कम करना है.
WhatsApp पर PF बैलेंस चेक करने के लिए अपनाएं ये 5 स्टेप
अब अगर आप भी WhatsApp के जरिए अपना PF बैलेंस देखना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको कुछ आसान स्टेप फॉलो करने होंगे.
स्टेप 1: सबसे पहले अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें. ध्यान रखें कि आपका मोबाइल नंबर UAN से रजिस्टर्ड होना चाहिए. इसके बाद EPFO के WhatsApp नंबर +91 8796441800 पर Hi या Hello लिखकर मैसेज भेजें.
स्टेप 2: मैसेज भेजने के बाद आपको चैटबॉट की तरफ से भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा. इसमें हिंदी, अंग्रेजी या अपनी पसंद की उपलब्ध भाषा चुन सकते हैं.
स्टेप 3: भाषा चुनने के बाद स्क्रीन पर PF Balance, Passbook और Last 5 Transactions जैसे विकल्प दिखाई देंगे. अपना बैलेंस जानने के लिए PF Balance या Check Balance का विकल्प चुनें.
स्टेप 4: इसके बाद पहचान की पुष्टि के लिए OTP मांगा जा सकता है. आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें.
स्टेप 5: वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद अपना PF अकाउंट या Member ID चुनें. इसके बाद खाते में जमा रकम और उपलब्ध दूसरी जानकारियां WhatsApp पर दिखाई देंगी.

WhatsApp पर मिलेंगी PF से जुड़ी ये 3 सुविधाएं
EPFO की इस सुविधा के तहत कर्मचारियों को तीन तरह की जानकारियां मिल सकेंगी.
- PF Balance: खाते में जमा कुल PF बैलेंस की जानकारी.
-Passbook: PF खाते की पासबुक और जमा-निकासी का विवरण.
- Last 5 Transactions: खाते में हुए पिछले पांच ट्रांजैक्शन की जानकारी.
PF बैलेंस चेक करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
इस सुविधा का इस्तेमाल करने से पहले कुछ जरूरी बातें जानना भी जरूरी है. सबसे पहले आपका मोबाइल नंबर UAN से लिंक होना चाहिए. जरूरत पड़ने पर OTP के जरिए पहचान की पुष्टि करनी होगी. अगर आपने एक से ज्यादा कंपनियों में काम किया है, तो आपके खाते में कई Member ID दिखाई दे सकती हैं. इसके अलावा WhatsApp पर किसी भी अनजान नंबर से आने वाले लिंक पर क्लिक न करें. अपना OTP, UAN पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें. PF से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए केवल आधिकारिक EPFO WhatsApp नंबर का ही इस्तेमाल करें.

नौकरीपेशा लोगों को क्या होगा फायदा?
इस नई सुविधा से कर्मचारियों को PF खाते की सामान्य जानकारी हासिल करने में आसानी हो सकती है. खासकर उन लोगों को फायदा मिलेगा, जिन्हें बार-बार EPFO पोर्टल पर लॉगइन करके अपना बैलेंस और ट्रांजैक्शन चेक करना पड़ता है. अब मोबाइल पर WhatsApp के जरिए ही PF खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल करने का विकल्प उपलब्ध होगा.