विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला, आज ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी टीम इंडिया

विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला करो या मरो का है. सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए टीम इंडिया को जीत के साथ चीन की नीदरलैंड के खिलाफ हार की भी जरूरत है.

विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला, आज ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी टीम इंडिया

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए आज का दिन बेहद अहम है. सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. पूल-E का यह मुकाबला रात 10:30 बजे शुरू होगा. हालांकि, सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को हराने से भारत की जगह पक्की नहीं होगी. टीम इंडिया को चीन और नीदरलैंड के मुकाबले के नतीजे पर भी नजर रखनी होगी.

चीन की हार भी भारत के लिए जरूरी

पूल-E में नीदरलैंड 6 अंक के साथ पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है. चीन के 2 अंक हैं, जबकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के पास 1-1 अंक हैं.

भारत को आगे बढ़ने के लिए ऑस्ट्रेलिया को हराने के साथ उम्मीद करनी होगी कि चीन अपना मुकाबला नीदरलैंड से हार जाए. अगर चीन जीत जाता है तो भारत ऑस्ट्रेलिया को हराने के बावजूद टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.

इस साल बराबरी की रही भारत-ऑस्ट्रेलिया की टक्कर

भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला हॉकी टीमें इस साल चार बार आमने-सामने आ चुकी हैं. दोनों टीमों ने दो-दो मुकाबले जीते थे. ऐसे में यह रिकॉर्ड बताता है कि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती देने की क्षमता रखती है.

नीदरलैंड के खिलाफ डिफेंस ने दिखाया दम

भारत को पिछले मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था. हार के बावजूद भारतीय डिफेंस का प्रदर्शन अच्छा रहा. टीम ने नीदरलैंड को ओपन प्ले से गोल नहीं करने दिया. गोलकीपर सविता और बिचू देवी ने कई अहम बचाव किए.

इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ भी भारतीय डिफेंस मजबूत नजर आया था. टीम ने उस मुकाबले में इंग्लैंड के सभी 12 पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने से रोक दिया था.

नवनीत और दीपिका पर रहेंगी नजरें

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती मौकों को गोल में बदलने की होगी. नीदरलैंड के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने मौके जरूर बनाए, लेकिन फिनिशिंग कमजोर रही.

ऐसे में फॉरवर्ड नवनीत कौर और पेनल्टी कॉर्नर स्पेशलिस्ट दीपिका से टीम को काफी उम्मीदें रहेंगी. कप्तान सलीमा टेटे की भूमिका भी अहम होगी. भारत को सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए मजबूत डिफेंस के साथ अटैक में भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा.

दोनों टीमों का स्क्वॉड

भारत: सलीमा टेटे (कप्तान), इशिका चौधरी, निक्की प्रधान, बिचू देवी खरिबाम, सविता, शिल्पी दाबस, लालरेमसियामी, दीपिका सोरेंग, बलजीत कौर, इशिका, ज्योति, नवनीत कौर, सुशीला चानू पुखरामबम, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, रुताजा दादासो पिसाल, ललथंतलुआंगी, साक्षी राणा, ब्यूटी डुंग डुंग और दीपिका.

ऑस्ट्रेलिया: ग्रेस स्टीवर्ट (कप्तान), क्लेयर कोलविल, मॉर्गन मैथिसन, एमी लॉटन, ग्रेस यंग, सारा बायर्न्स, अलीशा पावर, अबिगेल विल्सन, एलिस अर्नॉट, मकायला जोन्स, स्टेफनी केरशॉ, कैटलिन नोब्स, कोर्टनी शॉनेल, लूसी शर्मन, अलाना कवानाघ, जोसेलिन बार्ट्रम, कैरी सोमरविल, टैटम स्टीवर्ट, ओलिविया डाउन्स, मारियाह विलियम्स और नीसा फ्लिन.