ग्रैंड चेस टूर के फाइनल में प्रज्ञाननंदा, अब कारुआना से होगी खिताबी टक्कर
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने विंसेंट कीमर को 19-9 से हराकर ग्रैंड चेस टूर 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. खिताबी मुकाबले में उनका सामना डिफेंडिंग चैंपियन फैबियानो कारुआना से होगा.
टिएनपी डेस्क(TNP DESK): भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने ग्रैंड चेस टूर 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में उन्होंने जर्मनी के विंसेंट कीमर को 19-9 के बड़े अंतर से हराया. खास बात यह रही कि प्रज्ञाननंदा ने मुकाबला इतना मजबूत खेला कि तीन गेम बाकी रहते ही उनकी फाइनल की टिकट पक्की हो गई थी. अब खिताब के लिए उनका सामना डिफेंडिंग चैंपियन अमेरिका के फैबियानो कारुआना से होगा.
प्रज्ञाननंदा और कारुआना के बीच फाइनल 25 अगस्त को खेला जाएगा. भारतीय खिलाड़ी के पास पहली बार ग्रैंड चेस टूर का खिताब अपने नाम करने का मौका होगा.
क्लासिकल और रैपिड में प्रज्ञाननंदा का शानदार खेल
सेमीफाइनल में प्रज्ञाननंदा ने शुरुआत से ही कीमर पर दबाव बनाए रखा. दूसरे क्लासिकल गेम में जीत हासिल करने के बाद उन्होंने 9-3 की मजबूत बढ़त बना ली.
इसके बाद रैपिड मुकाबलों में भी प्रज्ञाननंदा ने शानदार प्रदर्शन किया. उनकी बढ़त इतनी ज्यादा हो गई कि तीन गेम बाकी रहते ही यह साफ हो गया कि सेमीफाइनल में जीत उनकी होगी.

आखिरी तीन ब्लिट्ज हारे, फिर भी जीत पर नहीं पड़ा असर
सेमीफाइनल का फैसला हो जाने के बाद भी बाकी ब्लिट्ज मुकाबले खेले गए. पहले ब्लिट्ज गेम में प्रज्ञाननंदा मुश्किल स्थिति में थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की.
इसके बाद विंसेंट कीमर ने वापसी की और लगातार तीन ब्लिट्ज गेम जीत लिए. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी. इन हार से प्रज्ञाननंदा की फाइनल में जगह पर कोई असर नहीं पड़ा और मुकाबले का अंतिम स्कोर 19-9 रहा.
कारुआना ने वेस्ले सो को हराया
दूसरे सेमीफाइनल में अमेरिका के फैबियानो कारुआना ने हमवतन वेस्ले सो को 18-12 से मात दी. इस जीत के साथ कारुआना लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के करीब पहुंच गए हैं.
कारुआना मौजूदा चैंपियन हैं. ऐसे में फाइनल में प्रज्ञाननंदा के सामने एक मजबूत और अनुभवी खिलाड़ी की चुनौती होगी.
फाइनल में फिर 0-0 से होगी शुरुआत
सेमीफाइनल में बनाए गए अंकों का फायदा किसी भी खिलाड़ी को फाइनल में नहीं मिलेगा. प्रज्ञाननंदा और कारुआना दोनों 0-0 से नई शुरुआत करेंगे.
फाइनल से पहले हुए ड्रॉ के अनुसार, पहली क्लासिकल बाजी में प्रज्ञाननंदा ब्लैक मोहरों से खेलेंगे. पहले दो क्लासिकल गेम होंगे. इसके बाद तय फॉर्मेट के मुताबिक रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे.

चैंपियन को मिलेंगे 2 लाख डॉलर
ग्रैंड चेस टूर फाइनल में खिलाड़ियों के लिए बड़ी इनामी राशि भी दांव पर है. टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी 4.5 लाख डॉलर है. खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को 2 लाख डॉलर मिलेंगे. दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 1.25 लाख डॉलर और तीसरे स्थान के खिलाड़ी को 75 हजार डॉलर दिए जाएंगे.
इसके अलावा टॉप-3 खिलाड़ियों को 2027 ग्रैंड चेस टूर में सीधे खेलने का आमंत्रण मिलेगा.
प्रज्ञाननंदा के लिए यह फाइनल बेहद खास है. वह पहली बार GCT चैंपियन बनने के इरादे से उतरेंगे, जबकि उनके सामने कारुआना अपना खिताब बचाने की कोशिश करेंगे.