नीरू धांडा ने एशियन गेम्स 2026 में लहराया परचम, महिला ट्रैप शूटिंग मुकाबले में जीता स्वर्ण पदक
Asian Games 2026 में भारतीय शूटर नीरू धांडा ने महिला ट्रैप के व्यक्तिगत इवेंट में 28 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता. इस जीत के साथ उन्होंने एशियन रिकॉर्ड बनाया और महिला ट्रैप में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज बन गईं.
Tnp desk: भारत की निशानेबाज नीरू धांडा ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला ट्रैप शूटिंग के व्यक्तिगत मुकाबले में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है . आयची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में नीरू ने 28 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया. उनके इस प्रदर्शन के साथ ही भारत के खाते में प्रतियोगिता का पांचवां गोल्ड आया है.
हरियाणा की रहने वाली 26 वर्षीय नीरू धांडा ने फाइनल में बेहतरीन निशाना लगाते हुए एशियन रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. इस जीत के साथ वह एशियन गेम्स में महिला ट्रैप के व्यक्तिगत इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज बन गई हैं.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन
नीरू धांडा हाल ही में इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप शॉटगन 2026 में भी अपने प्रदर्शन से सुर्खियों में रही थीं. वहां उन्होंने महिला ट्रैप स्पर्धा का खिताब हासिल किया था. एशियन गेम्स का स्वर्ण उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया है.
फाइनल में चीन और कुवैत के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा
महिला ट्रैप के फाइनल में नीरू ने 28 अंक हासिल किए. चीन की यूनॉन्ग सन ने 26 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कुवैत की हाजर अब्दुलमलिक 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
नीरू की इस उपलब्धि के साथ वह मौजूदा एशियन गेम्स में भारत के लिए व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाली पहली खिलाड़ी भी बनीं. उनके प्रदर्शन ने भारतीय शूटिंग टीम के अभियान को भी मजबूती दी है.
इस शानदार प्रदर्शन के बाद देखना ये होगा कि आने वाले व्यक्त में भारत और कितने एशियन गेम्स 2026 में पदक अपने नाम करता है .