पहली बार एक साथ होंगे पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप, 15 अगस्त से शुरू होगी खिताबी जंग
हॉकी वर्ल्ड कप 15 अगस्त से शुरू होगा. पहली बार पुरुष और महिला वर्ल्ड कप एक साथ खेले जाएंगे. भारत की पुरुष टीम वेल्स के खिलाफ अभियान शुरू करेगी.
हॉकी वर्ल्ड कप 15 अगस्त से शुरू होगा. पहली बार पुरुष और महिला वर्ल्ड कप एक साथ खेले जाएंगे. भारत की पुरुष टीम वेल्स के खिलाफ अभियान शुरू करेगी.
टिएनपी डेस्क(TNP DESK): हॉकी के फैंस के लिए इस बार का वर्ल्ड कप काफी खास होने वाला है. 15 अगस्त से पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप की शुरुआत होगी. खास बात यह है कि पहली बार दोनों टूर्नामेंट एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं. बेल्जियम और नीदरलैंड मिलकर इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं.
भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ करेगी. दोनों के बीच मुकाबला दोपहर 4:30 बजे खेला जाएगा. इससे पहले महिला वर्ग में ऑस्ट्रेलिया और जापान की टीमें दोपहर 1:30 बजे आमने-सामने होंगी.
16 दिन में होंगे 50 मुकाबले
हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक होगा. इस दौरान पुरुष और महिला वर्ग में कुल 50 मुकाबले खेले जाएंगे. टूर्नामेंट का फॉर्मेट भी इस बार थोड़ा अलग है.
पहले चरण में ग्रुप स्टेज होगा. इसके बाद क्रॉसओवर राउंड खेला जाएगा और फिर सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे. सभी मैच दो अलग-अलग वेन्यू पर आयोजित किए जाएंगे.

32 टीमें लेंगी हिस्सा
पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 16-16 टीमें हिस्सा ले रही हैं. यानी कुल 32 टीमें वर्ल्ड कप में अपनी किस्मत आजमाएंगी.
ग्रुप स्टेज में 16 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा. हर टीम अपने ग्रुप में तीन मुकाबले खेलेगी. हर ग्रुप से दो बेहतर टीमें अगले राउंड में पहुंचेंगी. इसके बाद आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा.
इस चरण में टीमों को उन विरोधियों के खिलाफ मुकाबले खेलने होंगे, जिनसे उनका पहले सामना नहीं हुआ है. इसके बाद हर ग्रुप की टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.
29 और 30 अगस्त को होगा फाइनल
महिला वर्ल्ड कप का फाइनल 29 अगस्त को खेला जाएगा. इसके अगले दिन यानी 30 अगस्त को पुरुष वर्ग का खिताबी मुकाबला होगा. पुरुष फाइनल रात 8 बजे से शुरू होगा. दोनों फाइनल के दिन तीसरे स्थान के लिए ब्रॉन्ज मेडल मैच भी खेले जाएंगे.
हरमनप्रीत और सलीमा के हाथों में कप्तानी
भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी हरमनप्रीत सिंह करेंगे. टीम में गोलकीपर मोहित एचएस और सूरज करकेरा के अलावा जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और संजय जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह और विवेक सागर प्रसाद जैसे खिलाड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे. फॉरवर्ड लाइन में मंदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह जैसे खिलाड़ी नजर आएंगे.
महिला टीम की कप्तानी सलीमा टेटे करेंगी. उनके साथ निक्की प्रधान, ज्योति, लालरेमसियामी, नवनीत कौर, दीपिका सहरावत और ब्यूटी डुंगडुंग जैसी खिलाड़ी टीम को मजबूती देंगी.

भारत की नजर दूसरे खिताब पर
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 1975 में अपना इकलौता वर्ल्ड कप खिताब जीता था. कुआलालंपुर में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी.
महिला टीम अब तक वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है. ऐसे में इस बार भारतीय महिला टीम की नजर इतिहास रचने पर होगी.
इस वर्ल्ड कप की एक और खास बात यह है कि बेल्जियम पहली बार हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है. वहीं नीदरलैंड और भारत उन टीमों में शामिल हैं, जिन्होंने पुरुष वर्ल्ड कप के हर संस्करण में हिस्सा लिया है. पहली बार पुरुष और महिला टूर्नामेंट का एक साथ होना इस आयोजन को और खास बना रहा है.