टीएनपी डेस्क (TNP DESK): IPL 2026 का फाइनल क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी महायुद्ध से कम नहीं होने वाला है. एक ओर अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर है, जो लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी. वहीं दूसरी तरफ युवा कप्तान शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस है, जो एक और ट्रॉफी जीतकर अपनी बादशाहत साबित करना चाहेगी.
इस सीजन विराट कोहली और शुभमन गिल दोनों शानदार फॉर्म में रहे हैं. कोहली ने बैंगलोर की बल्लेबाजी को मजबूती दी है, जबकि गिल ने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलकर गुजरात को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. दोनों बल्लेबाजों के आंकड़े भी लगभग बराबरी की टक्कर दिखाते हैं, जिससे फाइनल का रोमांच और बढ़ गया है.
बैंगलोर की बल्लेबाजी में फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड और कप्तान रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण पर भारी पड़ सकते हैं. दूसरी ओर गुजरात के पास शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर जैसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं, जबकि राहुल तेवतिया और वॉशिंगटन सुंदर मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं.
गेंदबाजी में बैंगलोर को भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के अनुभव का सहारा है. वहीं क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने भी इस सीजन प्रभाव छोड़ा है. दूसरी तरफ गुजरात की गेंदबाजी इकाई में कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर और राशिद खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विराट कोहली का अनुभव रंग लाएगा या फिर शुभमन गिल अपनी युवा टीम के साथ नया इतिहास रचते हुए IPL 2026 की ट्रॉफी अपने नाम करेंगे.