कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की शानदार शुरुआत: गुलवीर-हरजिंदर ने जीते सिल्वर, बॉक्सिंग से 3 मेडल तय

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की शानदार शुरुआत: गुलवीर-हरजिंदर ने जीते सिल्वर, बॉक्सिंग से 3 मेडल तय

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): ग्लासगो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. प्रतियोगिता के पांचवें दिन भारत ने दो और सिल्वर मेडल जीतकर अपनी पदक संख्या बढ़ा ली. एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने इतिहास रचते हुए 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीता. वहीं वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. इसके अलावा बॉक्सिंग में भारत के तीन खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया है.

गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास

भारत के स्टार धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता. उन्होंने यह रेस 27 मिनट 49.78 सेकेंड में पूरी की. खास बात यह रही कि कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले वह पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं.

बारिश और गीले ट्रैक के बीच हुई इस रेस में गुलवीर शुरुआत से ही चुनौतीपूर्ण मुकाबले में बने रहे. अंतिम लैप तक वह चौथे स्थान पर थे. लेकिन आखिरी कुछ मीटर में जबरदस्त रफ्तार दिखाते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गए. इस स्पर्धा का गोल्ड ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने जीता.

हरजिंदर कौर ने दिलाया दूसरा सिल्वर

महिलाओं की 69 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में हरजिंदर कौर ने कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता. उन्होंने स्नैच में 101 किलोग्राम वजन उठाकर अपना पर्सनल बेस्ट बनाया. इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया.

यह हरजिंदर का लगातार दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल है. इससे पहले उन्होंने 2022 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इस बार सिल्वर जीतकर उन्होंने साफ कर दिया कि अब उनका अगला लक्ष्य गोल्ड मेडल है.

कबड्डी से वेटलिफ्टिंग तक का सफर

पंजाब के महेश गांव की रहने वाली हरजिंदर कौर ने शुरुआत में कबड्डी और रस्साकशी खेली थी. बाद में उनके कोच ने उनकी ताकत को देखते हुए वेटलिफ्टिंग अपनाने की सलाह दी. घर पर चारा काटने वाली मशीन चलाने से उनकी मांसपेशियां मजबूत हुईं. यही ताकत आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गई.

बॉक्सिंग में तीन खिलाड़ियों ने पक्का किया पदक

भारत के लिए बॉक्सिंग से भी अच्छी खबर आई. महिला मुक्केबाज प्रीति पवार और प्रिया घांघस ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. वहीं पुरुष वर्ग में जादूमणि ने भी शानदार जीत दर्ज करते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया.

कॉमनवेल्थ गेम्स की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों का कम से कम ब्रॉन्ज मेडल तय हो जाता है. अब तीनों भारतीय खिलाड़ी 31 जुलाई को होने वाले सेमीफाइनल में गोल्ड मेडल मुकाबले में जगह बनाने के इरादे से उतरेंगे.

एथलेटिक्स और स्विमिंग में भी मिला अच्छा प्रदर्शन

एथलेटिक्स में विशाल टीके ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बना ली. वहीं राजेश रमेश सेमीफाइनल में पहुंचने से चूक गए. स्विमिंग में श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया. पैरा स्विमिंग में कार्तिक बुडीगिना और अली इमाम ने भी फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.

मेडल तालिका में भारत नौवें स्थान पर

पांचवें दिन के मुकाबलों के बाद भारत के खाते में 2 गोल्ड सहित कुल 12 मेडल हो चुके हैं. हालांकि दो सिल्वर मेडल जीतने के बावजूद भारत पदक तालिका में एक स्थान नीचे खिसककर नौवें नंबर पर पहुंच गया है. वहीं ऑस्ट्रेलिया 35 गोल्ड और कुल 80 मेडल के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है. अब भारतीय खिलाड़ियों से आने वाले दिनों में कई और पदकों की उम्मीद है और देश की नजर गोल्ड मेडल जीतने वाले मुकाबलों पर टिकी रहेगी.