TNP DESK: जापान के काकामिगाहारा में खेले गए महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार संघर्ष किया, लेकिन अंततः शूटआउट में चीन के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा. निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ था.
भारत ने मैच की शुरुआत बेहद आक्रामक अंदाज में की. मुकाबले के तीसरे मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर के बेहतरीन पास पर नौशीन नाज़ ने शानदार गोल दागकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई. पहले क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और चीन को ज्यादा मौके नहीं दिए.
दूसरे क्वार्टर में चीन ने वापसी की कोशिशें तेज कीं. 21वें मिनट में उसे पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर महक परिहार ने शानदार बचाव करते हुए गोल नहीं होने दिया. हालांकि 24वें मिनट में भारतीय रक्षा पंक्ति की एक गलती का फायदा उठाते हुए ली जेयान ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.
तीसरे क्वार्टर में चीन ने गेंद पर अधिक नियंत्रण बनाए रखा और कई आक्रमण किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती से उनका सामना किया. वहीं भारत को भी पेनाल्टी कॉर्नर मिले, मगर टीम बढ़त हासिल करने में सफल नहीं हो सकी.
चौथे और अंतिम क्वार्टर में चीन ने 48वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त बना ली. शुरुआती शॉट को भारतीय खिलाड़ियों ने रोक दिया था, लेकिन रिबाउंड पर झांग युझेंग ने गोल कर चीन को 2-1 से आगे कर दिया.
हालांकि भारतीय टीम ने हार नहीं मानी. मैच के 54वें मिनट में किरण एक्का ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत को बराबरी दिला दी. इसके बाद निर्धारित समय तक कोई भी टीम विजयी गोल नहीं कर सकी और मुकाबले का फैसला शूटआउट से हुआ.
शूटआउट में चीन की गोलकीपर लियू शुए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय खिलाड़ियों को लगातार रोक दिया. चीन की ओर से लू टोंग टोंग, गे चेन और गुओ जियाशिन ने अपने प्रयास सफलतापूर्वक गोल में बदले. भारत की ओर से केवल संदीपा कुमारी ही गोल कर सकीं.
इस जीत के साथ चीन ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. वहीं भारतीय टीम अब कांस्य पदक के मुकाबले में उतरेगी. भारत का अगला मैच जापान और कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम के खिलाफ 6 जून को सुबह 9:30 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा.