TNP DESK: हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम की 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी. टीम की कप्तानी सलिमा टेटे को सौंपी गई है. मुख्य कोच स्जोर्ड मारिने ने चयनित टीम को अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण बताते हुए विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है.
15 अगस्त से शुरू होगा विश्व कप
एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 15 अगस्त से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में होगा. भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही है. हाल ही में न्यूजीलैंड में खेले गए एफआईएच नेशंस कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई मुकाबला गंवाए खिताब जीता था. इसी जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा है.
अनुभव और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन
भारतीय टीम में गोलकीपर के रूप में अनुभवी सविता और बिचू देवी खरीबाम को जगह मिली है. रक्षा पंक्ति में इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबाम, लालथांतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं. मिडफील्ड की जिम्मेदारी कप्तान सलिमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग संभालेंगी.
वहीं, फॉरवर्ड लाइन में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को शामिल किया गया है. टीम चयन में उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है जिन्होंने हाल के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है.
मुख्य कोच ने जताया भरोसा
मुख्य कोच स्जोर्ड मारिने ने कहा कि चयनित टीम बड़े मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार है. खिलाड़ियों ने पिछले कई महीनों में कड़ी मेहनत की है और टीम में अनुभव के साथ युवा ऊर्जा भी मौजूद है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम विश्व हॉकी की मजबूत टीमों के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करेगी और बड़े मंच पर अपनी क्षमता साबित करेगी.
पूल-डी में भारत की चुनौती
विश्व कप में भारत को पूल-डी में रखा गया है. इस ग्रुप में भारत के साथ चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें शामिल हैं. भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के एम्स्टलवीन स्थित वैगेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी. भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगा. इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा.

