Asian Games 2026: दूसरे दिन भारत ने जीते 4 मेडल, Shooting में तीन पदक, MMA में सुचिका तारियाल ने रचा इतिहास
एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत ने चार मेडल अपने नाम किए. शूटिंग में हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांश पाटिल ने इंडिविजुअल मेडल जीते, जबकि मेंस टीम ने भी सिल्वर हासिल किया. MMA में सुचिका तारियाल ने ब्रॉन्ज जीतकर भारत के लिए इस खेल में पहला एशियाड मेडल हासिल किया.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): जापान के आइची-नगोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए दूसरा दिन शानदार रहा. भारतीय खिलाड़ियों ने सोमवार को चार मेडल अपने नाम किए. इनमें तीन मेडल शूटिंग से आए, जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स यानी MMA में भी भारत ने इतिहास रचते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. इसके अलावा हॉकी, कबड्डी और टेबल टेनिस में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया.
शूटिंग में भारत को मिले तीन मेडल
दिन की सबसे बड़ी सफलता मेंस 10 मीटर एयर राइफल में मिली. इस इवेंट के इंडिविजुअल फाइनल में भारत के हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक हासिल करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया. वहीं रुद्रांश पाटिल ने 230.9 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
गोल्ड मेडल चीन के ओलिंपिक चैंपियन शेंग लिहाओ के नाम रहा, जिन्होंने 254.2 अंक हासिल किए. इस तरह एक ही इवेंट में दो भारतीय शूटर्स पोडियम पर पहुंचने में कामयाब रहे.
टीम इवेंट में भी आया सिल्वर
इंडिविजुअल इवेंट से पहले भारतीय शूटर्स ने टीम इवेंट में भी देश को सिल्वर मेडल दिलाया. पार्थ माने, रुद्रांश पाटिल और हिमांशु ढिल्लों की तिकड़ी ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए.
चीन की टीम 1899.9 अंक के साथ पहले स्थान पर रही, जबकि साउथ कोरिया ने 1884.2 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. इस तरह एक ही दिन में मेंस 10 मीटर एयर राइफल से भारत के खाते में तीन मेडल आए.

MMA में सुचिका तारियाल ने रचा इतिहास
भारत को दिन का चौथा मेडल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने दिलाया. उन्होंने विमेंस ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
यह मेडल इसलिए भी खास है क्योंकि एशियन गेम्स में MMA को पहली बार शामिल किया गया है और भारत ने इस खेल में अपना पहला एशियाड मेडल हासिल कर लिया है.
हॉकी और कबड्डी में भी भारत का दबदबा
मेडल इवेंट के अलावा दूसरे खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा रहा. मेंस कबड्डी में भारत ने जापान को 49-24 से हराकर अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की.
वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया के खिलाफ एकतरफा मुकाबला खेलते हुए 17-1 से बड़ी जीत दर्ज की.
टेबल टेनिस में भी पाकिस्तान के खिलाफ भारत का प्रदर्शन शानदार रहा. भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया. पाकिस्तानी खिलाड़ी इस मुकाबले में एक भी मैच जीतने में सफल नहीं रहे.
अब तक भारत के नाम 6 मेडल
दूसरे दिन के चार मेडल के बाद भारत के खाते में कुल छह मेडल हो गए हैं. इनमें चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज शामिल हैं. खास बात यह है कि भारत के छह में से पांच मेडल अकेले शूटिंग से आए हैं.

कौन हैं हिमांशु, रुद्रांश और पार्थ?
रुद्रांश पाटिल भारतीय शूटिंग के बड़े नामों में शामिल हैं. महाराष्ट्र के ठाणे में जन्मे रुद्रांश ने 2022 की वर्ल्ड चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर राइफल इंडिविजुअल गोल्ड जीता था. ऐसा करने वाले वह अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरे भारतीय बने थे.
वहीं युवा हिमांशु ढिल्लों ने पिछले कुछ वर्षों में तेजी से अपनी पहचान बनाई है. जूनियर स्तर पर कई मेडल जीतने के बाद अब उन्होंने एशियन गेम्स में सिल्वर जीतकर सीनियर लेवल पर भी अपनी छाप छोड़ी है.
पार्थ माने भी भारत के युवा प्रतिभाशाली शूटर्स में शामिल हैं. जूनियर वर्ल्ड चैंपियन रह चुके पार्थ ने रुद्रांश और हिमांशु के साथ मिलकर टीम इवेंट का सिल्वर जीतने में अहम भूमिका निभाई.
एशियन गेम्स के शुरुआती दिनों में ही शूटिंग भारत की सबसे मजबूत कड़ी बनकर सामने आई है. आने वाले मुकाबलों में अब भारतीय दल की कोशिश इस सिलसिले को जारी रखते हुए गोल्ड मेडल का खाता खोलने की होगी.