11 जून से शुरू होगा फुटबॉल का महाकुंभ, जानिए कैसा होगा इस साल का FIFA

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होगा. 48 टीमों और 104 मैचों के साथ यह अब तक का सबसे बड़ा फुटबॉल विश्व कप बनने जा रहा है.

11 जून से शुरू होगा फुटबॉल का महाकुंभ, जानिए कैसा होगा इस साल का FIFA

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है, क्योंकि फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होने जा रही है. दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन इस बार 11 जून से 19 जुलाई तक किया जाएगा. खास बात यह है कि पहली बार अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेंगे.

इस बार का वर्ल्ड कप कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाला है. सबसे बड़ा बदलाव टीमों की संख्या में हुआ है. पहले टूर्नामेंट में 32 टीमें हिस्सा लेती थीं, लेकिन अब यह संख्या बढ़ाकर 48 कर दी गई है. इसके चलते प्रतियोगिता का प्रारूप भी पूरी तरह बदल गया है.

नई व्यवस्था के तहत 48 टीमों को चार-चार टीमों के 12 समूहों में बांटा गया है. ग्रुप चरण खत्म होने के बाद हर समूह की शीर्ष दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी. इसके अलावा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों में से सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों को भी नॉकआउट चरण में जगह मिलेगी. इस तरह कुल 32 टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी.

पहले नॉकआउट चरण की शुरुआत राउंड ऑफ 16 से होती थी, लेकिन अब राउंड ऑफ 32 खेला जाएगा. इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे. टीमों की संख्या बढ़ने के कारण मैचों की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ है. जहां पहले पूरे टूर्नामेंट में 64 मुकाबले खेले जाते थे, वहीं इस बार कुल 104 मैच आयोजित किए जाएंगे.

वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले कुल 16 स्टेडियमों में खेले जाएंगे. इनमें 11 स्टेडियम अमेरिका, 3 मैक्सिको और 2 कनाडा में स्थित हैं. सबसे अधिक मैच अमेरिका में होंगे और फाइनल मुकाबला भी वहीं आयोजित किया जाएगा.

इस टूर्नामेंट के साथ मैक्सिको एक नया इतिहास रचेगा. वह तीन अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी करने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा. इससे पहले मैक्सिको 1970 और 1986 में भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर चुका है.