फीफा वर्ल्ड कप का रोमांच पड़ा फीका, Zee5 की गड़बड़ियों पर फैंस का फूटा गुस्सा

फीफा वर्ल्ड कप का रोमांच पड़ा फीका, Zee5 की गड़बड़ियों पर फैंस का फूटा गुस्सा

TNP DESK- फीफा वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार कर रहे भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत उत्साह से ज्यादा निराशा लेकर आई. विश्व कप के प्रसारण अधिकार रखने वाले Zee5 को पहले ही दिन तकनीकी दिक्कतों और अपनी सब्सक्रिप्शन नीति को लेकर भारी आलोचना का सामना करना पड़ा. जैसे ही मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला शुरू होने वाला था, हजारों दर्शकों को लाइव स्ट्रीमिंग में परेशानी होने लगी.

मैच शुरू होने से पहले ही सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने शिकायत की थी कि Zee5 के 799 रुपये वाले फीफा वर्ल्ड कप पैक में बदलाव कर दिया गया है. कुछ शुरुआती यूजर्स का दावा था कि पहले जहां एक ही सब्सक्रिप्शन पर तीन डिवाइस में मैच देखने की सुविधा मिल रही थी, वहीं बाद में इसे घटाकर एक डिवाइस तक सीमित कर दिया गया. इस फैसले पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई, जिसके बाद कंपनी को अपनी पुरानी सुविधा फिर से बहाल करनी पड़ी.

सब्सक्रिप्शन की कीमत को लेकर भी सवाल उठे. फुटबॉल प्रेमियों का कहना था कि विश्व कप लगभग 40 दिनों तक चलेगा, लेकिन इसके लिए तीन महीने का पैक बेचा जा रहा है. इससे कई लोगों को लगा कि उन्हें जरूरत से ज्यादा भुगतान करना पड़ रहा है.

इसके अलावा, कंपनी के प्रचार के तरीके पर भी आलोचना हुई. कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले जल्दबाजी में सब्सक्रिप्शन खरीदने का दबाव बनाया गया. लोगों को बताया गया कि अगर वे 12 जून से पहले पैक खरीदते हैं तो तीन स्क्रीन की सुविधा मिलेगी, जबकि बाद में खरीदने पर केवल एक स्क्रीन की अनुमति होगी.

मैच के दौरान स्ट्रीमिंग की गुणवत्ता भी विवाद का विषय बनी रही. कई दर्शकों ने दावा किया कि उन्हें 4K गुणवत्ता का वादा किया गया था, लेकिन वास्तविक प्रसारण 720p तक ही सीमित दिखाई दिया. वहीं कुछ यूजर्स को लाइव स्ट्रीम बार-बार रुकने, लोड होने और पूरी तरह बंद होने जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ा.

सबसे ज्यादा नाराजगी उद्घाटन समारोह को लेकर देखने को मिली. मशहूर पॉप स्टार शकीरा की प्रस्तुति देखने के लिए लाखों दर्शक उत्साहित थे, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक के बीच प्लेटफॉर्म में तकनीकी गड़बड़ियां सामने आने लगीं. कई लोगों ने शिकायत की कि वे उद्घाटन समारोह ठीक से देख ही नहीं पाए.

विश्व कप जैसे बड़े आयोजन के पहले ही दिन सामने आई इन समस्याओं ने फुटबॉल प्रशंसकों का अनुभव खराब कर दिया और सोशल मीडिया पर Zee5 को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा.