FIFA World Cup 2026: जर्मनी को झटका, नीदरलैंड और तुर्किये की शानदार जीत

FIFA World Cup 2026: जर्मनी को झटका, नीदरलैंड और तुर्किये की शानदार जीत

टीएनपी(TNP): FIFA World Cup 2026 में 26 जून का दिन फुटबॉल प्रेमियों के लिए काफी रोमांचक रहा. अलग-अलग ग्रुप में खेले गए मुकाबलों में कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि कुछ मैच ऐसे भी रहे जिनमें दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट्स से संतोष करना पड़ा. अब ग्रुप स्टेज अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है, इसलिए हर जीत और हर पॉइंट्स टीमों के लिए बेहद अहम साबित हो रहा है.

दिन के सबसे चर्चित मुकाबलों में इक्वाडोर ने सबको चौंकाते हुए जर्मनी को 2-1 से हरा दिया. मैच की शुरुआत से ही इक्वाडोर ने कान्फिडन्स के साथ खेल दिखाया और अपने मौके का पूरा फायदा उठाया. जर्मनी ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन टीम बराबरी नहीं कर सकी. इस जीत से इक्वाडोर ने अगले दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदें मजबूत कर ली हैं.

वहीं नीदरलैंड ने ट्यूनीशिया के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की. डच टीम ने पूरे मैच में गेंद पर कंट्रोल बनाए रखा और लगातार दबाव बनाकर गोल किए. इस जीत के साथ टीम ने नॉकआउट की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली.

एक और मुकाबले में कोट डी'आइवर ने क्यूरासाओ को 2-0 से हराया. टीम ने संतुलित खेल दिखाया और मजबूत डिफेंस के साथ शानदार अटैक भी किया. क्यूरासाओ को पूरे मैच में ज्यादा मौके नहीं मिले और आखिरकार उसे हार का सामना करना पड़ा.

तुर्किये और अमेरिका के बीच खेला गया मुकाबला दिन का सबसे रोमांचक मैच रहा. दोनों टीमों ने आक्रामक फुटबॉल खेली, लेकिन आखिर में तुर्किये ने 3-2 से जीत हासिल कर ली. आखिरी मिनट तक मैच में रोमांच बना रहा और दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देखने को मिला.

इसके अलावा स्वीडन और जापान का मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ. दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक बढ़त नहीं बना सकी. वहीं ऑस्ट्रेलिया और पराग्वे के बीच खेला गया मैच गोलरहित ड्रॉ रहा. दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी.

इन रिजल्ट्स के बाद विश्व कप का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. कुछ टीमों ने अगले दौर की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, जबकि कई टीमों के लिए अब हर अगला मैच करो या मरो जैसा होगा. आने वाले दिनों में ग्रुप स्टेज के बाकी मुकाबले तय करेंगे कि कौन-सी टीमें नॉकआउट राउंड में पहुंचेंगी और किनका विश्व कप का सफर यहीं खत्म हो जाएगा.