FiFa 2026 World Cup: 79वें मिनट का कमाल, कनाडा ने रचा इतिहास

FiFa 2026 World Cup: 79वें मिनट का कमाल, कनाडा ने रचा इतिहास

TNP DESK: घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच कनाडा ने फीफा विश्व कप 2026 में इतिहास रचते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ 1-1 की बराबरी हासिल की. टोरंटो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कनाडाई टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन उसे शुरुआती झटका तब लगा जब बोस्निया ने पहले हाफ में बढ़त बना ली.

 

मैच के शुरुआती मिनटों में कनाडा ने लगातार हमले किए. 17वें मिनट में जोनाथन डेविड के पास गोल करने का शानदार मौका था, लेकिन बोस्नियाई गोलकीपर निकोला वासिल ने उसे रोक दिया. इसके कुछ मिनट बाद बोस्निया के स्ट्राइकर जोवो लुकिच ने शानदार हेडर के जरिए गेंद को जाल में पहुंचाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी.

 

गोल खाने के बाद कनाडा ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन उसके खिलाड़ी मिले मौकों को गोल में बदलने में नाकाम रहे. 30वें मिनट में इस्माइल कोने के पास बराबरी का बेहतरीन अवसर था, मगर उनका शॉट गोलपोस्ट के ऊपर चला गया. दूसरे हाफ में भी कनाडा का दबाव बना रहा, जबकि बोस्निया की रक्षा पंक्ति लगातार हमलों को विफल करती रही.

61वें मिनट के बाद दोनों टीमों ने कई बदलाव किए. कनाडा के कोच का सबसे बड़ा दांव 76वें मिनट में चला, जब साइल लारिन को मैदान पर उतारा गया. यह फैसला टीम के लिए गेम चेंजर साबित हुआ. मैदान में आने के सिर्फ दो मिनट बाद लारिन ने प्रॉमिस अकिनपेलु के पास पर शानदार गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया.

अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने जीत के लिए प्रयास किए, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सका. इस ड्रॉ के साथ कनाडा ने विश्व कप इतिहास का पहला अंक हासिल किया. इससे पहले 1986 और 2022 विश्व कप में कनाडा अपने सभी मुकाबले हार गई थी.