TNP DESK: वॉशिंगटन के सिएटल स्टेडियम में खेले गए फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-जी मुकाबले में मिस्र और बेल्जियम ने 1-1 से ड्रॉ खेला. मुकाबला फुटबॉल के दो बड़े सितारों मोहम्मद सलाह और केविन डी ब्रूने के बीच टक्कर के रूप में देखा जा रहा था और मैच ने दर्शकों को भरपूर रोमांच दिया.
मिस्र ने 19वें मिनट में बढ़त हासिल की. मोहम्मद सलाह के शानदार पास पर इमाम आशूर ने बेल्जियम की रक्षापंक्ति को चकमा देते हुए बेहतरीन फिनिश किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी.
दूसरे हाफ में बेल्जियम ने वापसी की पूरी कोशिश की. 53वें मिनट में टीम को बॉक्स के बाहर फ्री-किक मिली, जिस पर केविन डी ब्रूने ने शानदार शॉट लगाया. हालांकि, उनकी कोशिश गोल में तब्दील नहीं हो सकी और गेंद पोस्ट से टकराकर वापस आ गई.
बेल्जियम को आखिरकार 66वें मिनट में बराबरी मिली. रोमेलू लुकाकू के मैदान पर आने के तुरंत बाद रेड डेविल्स ने मिस्र के डिफेंस पर दबाव बनाया. इसी दौरान मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी से हुई गलती के कारण गेंद उनके ही गोल में चली गई और स्कोर 1-1 हो गया.
इसके बाद दोनों टीमों को बढ़त हासिल करने के कुछ मौके मिले, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी. मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा.

