FIFA 2026: फीफा वर्ल्ड कप में गरजे दिग्गज, जर्मनी-नीदरलैंड की शानदार जीत

FIFA 2026: फीफा वर्ल्ड कप में गरजे दिग्गज, जर्मनी-नीदरलैंड की शानदार जीत

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अब हर मुकाबला बेहद इम्पॉर्टन्ट होता जा रहा है. ग्रुप स्टेज के अंतिम दौर के करीब पहुंचते-पहुंचते टीमों पर जीत का दबाव साफ दिखाई दे रहा है. यही वजह है कि मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और मुकाबलों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है. 20 जून को खेले गए मैचों में भी यही देखने को मिला, जहां कई टीमों ने जीत के लिए अपना पूरा दम लगा दिया.

जर्मनी की टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े टूर्नामेंटों में उसका अनुभव कितना काम आता है. आइवरी कोस्ट के खिलाफ मुकाबले में शुरुआती चुनौती मिलने के बावजूद टीम ने संयम नहीं खोया. डेनिज उंडाव ने दोनों गोल कर टीम को जीत दिलाई और मैच के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे. जर्मन टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका संतुलित खेल रहा, जहां आक्रमण और रक्षा दोनों विभागों ने शानदार प्रदर्शन किया.

नीदरलैंड्स ने स्वीडन के खिलाफ जिस अंदाज में जीत हासिल की, उसने बाकी टीमों को भी चेतावनी दे दी है. 5-1 की बड़ी जीत केवल तीन अंक हासिल करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने टीम के आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई दी है. डच खिलाड़ियों की तेज गति, सटीक पासिंग और गोल करने की क्षमता ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया. यदि टीम इसी लय में खेलती रही तो वह खिताब की सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हो सकती है.

ब्राजील का प्रदर्शन भी उम्मीदों के हिसाब रहा. हैती के खिलाफ 3-0 की जीत में टीम ने अपने खेल का पूरा रंग दिखाया. ब्राजील के खिलाड़ियों ने गेंद पर शानदार नियंत्रण रखा और लगातार आक्रमण करते हुए विपक्षी टीम को दबाव में रखा. टीम के स्टार खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि बड़े मंच पर उनका अनुभव कितना महत्वपूर्ण है.

मेजबान अमेरिका ने भी अपने घरेलू दर्शकों को निराश नहीं किया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-0 की जीत ने टीम का मनोबल बढ़ा दिया है. अमेरिकी खिलाड़ियों ने पूरे मैच में अनुशासन बनाए रखा और मौके मिलने पर उनका पूरा फायदा उठाया. इस जीत के बाद अमेरिका के समर्थकों को उम्मीद है कि टीम इस बार टूर्नामेंट में लंबा सफर तय कर सकती है.

वहीं पराग्वे और मोरक्को जैसी टीमों ने भी शानदार जुझारूपन दिखाया. पराग्वे ने तुर्किये को हराकर बड़ा उलटफेर किया, जबकि मोरक्को ने स्कॉटलैंड के खिलाफ संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की. इन टीमों के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि वर्ल्ड कप में किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

अब सभी की नजरें अगले मुकाबलों पर टिकी हैं. कई बड़ी टीमों के सामने नॉकआउट दौर में जगह पक्की करने की चुनौती है, जबकि कुछ टीमें टूर्नामेंट में बने रहने के लिए संघर्ष कर रही हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में फुटबॉल प्रेमियों को और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं. फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच लगातार बढ़ रहा है और हर मैच के साथ खिताब की दौड़ और दिलचस्प होती जा रही है.