FIH Hockey World Cup: 51 साल का इंतजार खत्म करने उतरेगा भारत, हरमनप्रीत बोले- इतिहास रचने का वक्त आ गया

FIH Hockey World Cup: 51 साल का इंतजार खत्म करने उतरेगा भारत, हरमनप्रीत बोले- इतिहास रचने का वक्त आ गया

टीनपी डेस्क (TNP DESK): बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में 15 अगस्त से शुरू होने वाले विश्व कप में हरमनप्रीत दूसरी बार भारत की कप्तानी करेंगे. इससे पहले भारत के विश्व कप विजेता कप्तान अजीत पाल सिंह ने भी दो बार टीम की कप्तानी की थी. इसको लेकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा है कि टीम का लक्ष्य एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में 51 साल का इंतजार खत्म कर इतिहास रचना है. बता दें, हरमनप्रीत से पहले भारत के विश्व कप विजेता कप्तान अजीत पाल नेतृत्व में भारत ने 1971 में कांस्य पदक और 1975 में विश्व कप का खिताब जीता था, जो अब तक भारत का इकलौता विश्व कप खिताब है. हरमनप्रीत ने कहा कि टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और इस बार इतिहास दोहराने की पूरी कोशिश करेगी.

इसके साथ ही हरमनप्रीत ने कहा कि एफआईएच प्रो लीग के अंतिम चरण में टीम के प्रदर्शन ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है. उनके अनुसार टीम लगातार बेहतर हो रही है और विश्व कप से पहले की तैयारियां सही दिशा में चल रही हैं. उन्होंने कहा कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन, कम गलतियां और टीम वर्क सबसे अहम होंगे. कप्तान ने बताया कि टीम का पूरा ध्यान पेनल्टी कॉर्नर, सर्किल एंट्री, गोल करने के मौके और मजबूत डिफेंस पर है. उन्होंने कहा कि अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन टीम की सबसे बड़ी ताकत है और सभी खिलाड़ी एक-दूसरे का पूरा सहयोग कर रहे हैं.

विश्व कप में भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है. भारत अपना पहला मुकाबला 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ खेलेगा. पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि यह मैच हमेशा खास होता है, लेकिन टीम किसी अतिरिक्त दबाव में नहीं आएगी. उन्होंने कहा कि हर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ समान रणनीति और पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरना जरूरी है. भारतीय कप्तान ने प्रशंसकों से टीम का समर्थन जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद कांस्य पदक जीतने के बाद अब समय आ गया है कि भारत विश्व कप का 51 साल पुराना इंतजार भी खत्म करे और नया इतिहास रचे.